देशप्रयागराज

सपा नेता पवन यादव हत्याकांड में 3 आरोपी गिरफ्तार,हमलावरों ने पुरानी रंजिश में मारी गोली

सपा नेता पवन यादव हत्याकांड में 3 आरोपी गिरफ्तार,हमलावरों ने पुरानी रंजिश में मारी गोली

डिजिटल डेस्क, प्रयागराज : हंडिया में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव और पूर्व ग्राम प्रधान पवन यादव की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस ने लल्ला यादव, बृजेश यादव और निहाल अली को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल बाइक और दो तमंचे बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में पवन यादव और लल्ला यादव के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है।

हंडिया में सपा के जिला सचिव पवन यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। तीनों आरोपी गांव के ही बताए जा रहे हैं पुलिस के अनुसार,वारदात को तीन लोगों ने मिलकर अंजाम दिया। निहाल अली बाइक चला रहा था,जबकि बृजेश यादव बीच में और लल्ला यादव सबसे पीछे बैठा था। पुलिस का दावा है कि लल्ला यादव ने ही पवन यादव पर गोली चलाई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात के लिए करीब 20 हजार रुपये में दो तमंचे और कारतूस खरीदे गए थे। पवन वर्तमान में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव थे।

42 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
हत्या के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए हंडिया टोल प्लाजा समेत आसपास के इलाकों में लगे करीब 42 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस को कई कैमरों में तीन बाइक सवार संदिग्ध नजर आए हैं। हालांकि फुटेज में उनके चेहरे स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस अलग-अलग कैमरों की फुटेज को जोड़कर हमलावरों के आने और वारदात के बाद भागने के रास्ते की कड़ियां जोड़ रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया,एडिशनल सीपी अजय पाल शर्मा और डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया था।

भाई ने दो लोगों पर जताया था शक

परिजनों के मुताबिक,पवन यादव के बड़े भाई अशोक यादव ने पुलिस को दो ऐसे लोगों के नाम बताए थे, जिनसे पवन की कथित रंजिश थी। पुलिस इन नामों और पुरानी रंजिश से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। इसी क्रम में गांव के वर्तमान प्रधान विनोद से जुड़े पहलू की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने प्रधान को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तीन अन्य लोगों को भी संदिग्ध मानकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि इन लोगों की हत्या में भूमिका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कार में बैठने के दौरान मारी गई गोली
मुंगराव गांव निवासी पवन यादव मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे अपनी कार से हंडिया कस्बे पहुंचे थे। उन्होंने कर्मनाशा मोहल्ले में सड़क किनारे कार खड़ी की और पास के एक कैफे में दोस्तों से बातचीत करने चले गए। करीब दो घंटे बाद शाम लगभग 5:20 बजे पवन कैफे से बाहर निकले और अपनी कार के पास पहुंचे। इसी दौरान प्रयागराज की ओर से बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। इनमें से दो ने हेलमेट पहन रखा था। बाइक की रफ्तार धीमी करते हुए पीछे बैठे बदमाश ने पवन को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली उनकी पीठ में लगी और वह सड़क पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल पवन को इलाज के लिए हंडिया के निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें टैगोर स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया,जहां से एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया। एसआरएन में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

थाने से करीब 500 मीटर दूर वारदात
पवन यादव की हत्या हंडिया थाने से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई। सूचना मिलते ही एसीपी हंडिया शेषधर पांडेय और इंस्पेक्टर ओम प्रकाश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। पवन यादव पूर्व ग्राम प्रधान होने के साथ समाजवादी पार्टी के जिला सचिव थे। वह दो भाइयों में सबसे छोटे थे। परिवार में पत्नी नीतू, तीन बेटियां खुशी, मुस्कान और छोटी तथा एक बेटा प्रिंस है।

परिजनों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
पवन यादव के छोटे भाई बृजेश यादव ने घटना को लेकर प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनके भाई की हत्या करने वालों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग भी की हैं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह, आरोपियों की भूमिका और वारदात की पूरी साजिश की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।