डिजिटल डेस्क, लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्वास्थ्य और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम शुरू होंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगे। राजधानी लखनऊ में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल समेत प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। अभियान के तहत केजीएमयू, बलरामपुर अस्पताल, लोकबंधु राजनारायण अस्पताल, सिविल अस्पताल समेत अन्य संस्थानों में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे।
17 सितंबर को सेवा दिवस:
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन प्रदेशभर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। शाम सात बजे स्वास्थ्य इकाइयों में ‘आशीर्वाद का दीपक’ भी प्रज्वलित किया जाएगा। इसके बाद 25 सितंबर से दो अक्टूबर तक व्यापक स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की योजना है।
लखनऊ में कई स्थानों पर रक्तदान शिविर:
राजधानी में मेदांता अस्पताल, कल्याण सिंह कैंसर इंस्टीट्यूट, लाइफ केयर चैरिटेबल ब्लड एंड कंपोनेंट सेंटर, अवध चैरिटेबल ब्लड बैंक, चरक अस्पताल, बलरामपुर अस्पताल, सिविल अस्पताल, केजीएमयू, लखनऊ विश्वविद्यालय के ओल्ड कैंपस और लोकबंधु राजनारायण अस्पताल समेत विभिन्न संस्थानों में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाने हैं।
जनभागीदारी पर जोर:
अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। स्वास्थ्य विभाग ने जिलों में कार्यक्रमों की कार्ययोजना तैयार कर नियमित समीक्षा के निर्देश दिए हैं।

