डिजिटल डेस्क, गोरखपुर। बांसगांव थाना क्षेत्र के जयंतीपुर गांव में सोमवार तड़के घर में सो रहे 19 वर्षीय बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र शुभम मिश्रा की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के समय शुभम घर में अकेला था। वारदात के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हत्या की वजह और हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
परिजनों के मुताबिक, तड़के करीब पांच बजे अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर शुभम पर चाकू से हमला किया। गंभीर रूप से घायल शुभम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पिता के इलाज के लिए परिवार गया था लखनऊ
बताया गया कि शुभम के पिता का किडनी संबंधी इलाज चल रहा है। उनके इलाज के लिए परिवार के अन्य सदस्य लखनऊ गए हुए थे। इसी वजह से वारदात के समय शुभम घर पर अकेला था। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर घटना को अंजाम दिया।
परिजनों ने पहले भी जताया था जान का खतरा
परिजनों का आरोप है कि परिवार की ओर से पूर्व में शुभम और उसके पिता की सुरक्षा को लेकर गोरखपुर के एसएसपी से कई बार शिकायत की गई थी। परिजनों के अनुसार, पिता को कुछ समय के लिए सरकारी सुरक्षा भी उपलब्ध कराई गई थी। परिवार का दावा है कि उन्होंने कई बार पुलिस अधिकारियों को संभावित खतरे के बारे में अवगत कराया था।
परिजनों का आरोप है कि घटना से पहले सुरक्षा व्यवस्था हटा दी गई थी। अब परिवार इस बात को लेकर भी सवाल उठा रहा है कि पूर्व में खतरे की सूचना दिए जाने के बावजूद सुरक्षा क्यों हटाई गई।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के साथ हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। आसपास के क्षेत्र में लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

