रामप्रकाश श्रीवास्तव, संवाददाता
कानपुर देहात। पिछले 48 घंटे से लगातार हो रही जोरदार बारिश ने शिवली कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के चलते नदी-नाले, तालाब और पोखर उफान पर हैं, जबकि खेत-खलिहानों में पानी भर जाने से खरीफ की फसलों को भी भारी नुकसान होने की आशंका है। शिवली कस्बे की गलियां जलमग्न हो गई हैं और कई घरों व दुकानों में बारिश का पानी घुसने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
बीते गुरुवार रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार रात तक जारी रहा। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। खेतों में पानी भरने से खरीफ की फसलों पर संकट गहरा गया है। किसानों को फसल खराब होने की चिंता सताने लगी है। वहीं, निचले इलाकों में जलभराव के कारण लोगों का आवागमन भी प्रभावित हुआ है।
ब्लॉक मुख्यालय और स्वास्थ्य केंद्र भी जलमग्न
मैथा ब्लॉक मुख्यालय स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में भी बारिश का पानी भर गया। इससे कर्मचारियों और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कस्बे के कई हिस्सों में जल निकासी की व्यवस्था प्रभावित होने से पानी सड़कों और गलियों में जमा हो गया है।
घर-दुकानों में पानी घुसने से नुकसान
शिवली कस्बे की गलियां पानी से लबालब होने के कारण झील जैसी नजर आ रही हैं। कई लोगों के घरों और दुकानों में पानी घुसने से सामान खराब होने की बात सामने आई है। व्यापारियों को बारिश और जलभराव से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। दुकानों के सामने पानी जमा होने के कारण कारोबार भी प्रभावित हुआ है।
लगातार बारिश के कारण कस्बावासियों के लिए घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। यदि बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहता है तो फसलों को और नुकसान पहुंचने की आशंका है।
