- कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने पूर्व छात्रों की उपलब्धियों पर जताया गर्व, विश्वविद्यालय से जुड़े रहने का किया आह्वान
डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर : गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में पहली एलुमनी मीट का आयोजन पूर्व छात्रों के लिए यादगार बन गया। गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी एलुमनी एसोसिएशन (GBUAA) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों से पूर्व छात्र विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे। लंबे समय बाद एक मंच पर मिले पूर्व छात्रों ने पुराने दिनों की यादें साझा की और अपने शैक्षणिक सफर से जुड़े अनुभव एक-दूसरे के साथ साझा किए।
विश्वविद्यालय परिसर स्थित इंटरनेशनल गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व छात्रों को एक साझा मंच पर जोड़ने के साथ उनके और विश्वविद्यालय के बीच संबंधों को और मजबूत करना रहा। ‘रीकनेक्ट, रिलीव, रीयूनाइट’ थीम पर हुए कार्यक्रम में पूर्व छात्रों ने अपने पुराने मित्रों और सहपाठियों से मुलाकात की। इस दौरान कैंपस में बिताए समय और विश्वविद्यालय से जुड़ी यादें भी चर्चा का हिस्सा रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जीबीयू के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने सभी पूर्व छात्रों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र देश और विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, मेहनत और क्षमता के दम पर पहचान बना रहे हैं। उनकी उपलब्धियां विश्वविद्यालय की पहचान और प्रतिष्ठा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कुलपति ने पूर्व छात्रों से विश्वविद्यालय के साथ अपने जुड़ाव को निरंतर बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्रों के अनुभव और विशेषज्ञता वर्तमान विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकते हैं। विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और समग्र प्रगति में पूर्व छात्रों की भागीदारी से नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
एलुमनी मीट के दौरान पूर्व छात्रों ने अपने वर्तमान अनुभव भी साझा किए। कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि एलुमनी नेटवर्क को लगातार सक्रिय रखा जाए, ताकि पूर्व छात्रों के बीच संवाद और सहयोग बढ़ सके। साथ ही उनके अनुभवों और विशेषज्ञता को वर्तमान विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए नए अवसर तैयार किए जा सकें।
कार्यक्रम में गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. अजीत कुमार, महासचिव सुनील शर्मा, कोषाध्यक्ष विक्रम सिंह और उप महासचिव गार्गी शर्मा समेत एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
इस अवसर पर डा. अर्पित भारद्वाज, डा. विनय लिटोरिया, डा. अरुण सोलंकी, डा. बरखा सिंघल, डा. सुभोजित बनर्जी और डा. राजू पाल समेत विभिन्न डीन, प्राध्यापक और विश्वविद्यालय के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में एलुमनी एसोसिएशन ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले पूर्व छात्रों, शिक्षकों और विश्वविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
