- ड्रोन तकनीक, पाठ्यक्रम और करियर को लेकर पूछे सवाल; एक दिन में 400 से अधिक आगंतुक पहुंचे
डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर : यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआइटीएस)-2026 में गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) का स्टॉल युवाओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। शनिवार को स्टॉल पर 400 से अधिक विद्यार्थियों और अन्य आगंतुकों ने पहुंचकर विश्वविद्यालय की तकनीकी पहल, ड्रोन तकनीक, पाठ्यक्रम और नवाचार से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली। इनमें छात्राओं की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली।
स्टॉल पर पहुंची छात्राओं ने ड्रोन तकनीक को लेकर काफी रुचि दिखाई। उन्होंने ड्रोन की कार्यप्रणाली, इसके विभिन्न क्षेत्रों में उपयोग और इससे जुड़ी तकनीकी बारीकियों के बारे में सवाल किए। खास तौर पर कृषि क्षेत्र में ड्रोन के इस्तेमाल को लेकर छात्राओं ने जानकारी ली। उन्होंने यह भी समझने का प्रयास किया कि ड्रोन तकनीक में पढ़ाई और करियर के कौन-कौन से अवसर उपलब्ध हैं।
कृषि ड्रोन का प्रोटोटाइप बना आकर्षण
जीबीयू के स्टॉल पर प्रदर्शित कृषि ड्रोन का प्रोटोटाइप विद्यार्थियों के लिए खास आकर्षण रहा। छात्राओं समेत अन्य आगंतुकों ने ड्रोन को करीब से देखा और इसकी तकनीकी क्षमताओं व उपयोग की जानकारी ली। विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों ने आगंतुकों के सवालों के जवाब देते हुए ड्रोन के व्यावहारिक उपयोग और इससे जुड़े तकनीकी अवसरों के बारे में बताया।
इसके साथ ही छात्राओं ने जीबीयू में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी भी ली। उन्होंने कोर्स स्ट्रक्चर, प्रवेश प्रक्रिया, शैक्षणिक सुविधाओं और पढ़ाई के बाद उपलब्ध करियर विकल्पों के बारे में सवाल किए। विश्वविद्यालय की ओर से उन्हें संबंधित पाठ्यक्रमों और प्रवेश से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई गई।
नवाचार और स्टार्टअप की भी मिली जानकारी
स्टॉल पर विश्वविद्यालय के अटल इनक्यूबेशन सेंटर की गतिविधियों को भी प्रदर्शित किया गया है। यहां नवाचार, उद्यमिता और स्टार्टअप से जुड़ी विश्वविद्यालय की पहलों की जानकारी दी जा रही है। विद्यार्थियों ने नए विचारों को स्टार्टअप में बदलने, तकनीकी नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों को लेकर भी जानकारी ली।
जीबीयू के स्टॉल पर बढ़ती आगंतुकों की संख्या के बीच छात्राओं की सक्रिय भागीदारी ने इसे खास बना दिया है। ड्रोन जैसी उभरती तकनीकों के साथ उच्च शिक्षा, नवाचार और स्टार्टअप के अवसरों को एक ही मंच पर जानने का मौका मिलने से विद्यार्थियों में उत्साह दिखाई दिया। ट्रेड शो के दौरान विश्वविद्यालय की ओर से तकनीकी प्रदर्शनों और शैक्षणिक जानकारी के माध्यम से युवाओं को नए क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं से परिचित कराया जा रहा है।
