टेक्नोलॉजीगौतम बुद्ध नगर

तिरंगे रंग के कुकर ने यूपीआइटीएस में खींचा विदेशी खरीदारों का ध्यान

तिरंगे रंग के कुकर ने यूपीआइटीएस में खींचा विदेशी खरीदारों का ध्यान
  • पिरामिड डिजाइन के कुकर भी बने आकर्षण, नेपाल से युगांडा तक कई देशों में है मांग

डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर: ग्रेटर नोएडा के नालेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित पांच दिवसीय यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआइटीएस) में देशी उत्पादों के साथ नवाचार और आकर्षक डिजाइन भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। ट्रेड शो में गाजियाबाद की सिटीजन कंपनी की ओर से तिरंगे के रंग में तैयार किया गया वोकल कुकर विदेशी खरीदारों और आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। कुकर में केसरिया, सफेद और हरे रंग का संयोजन इसे अलग पहचान दे रहा है।

कंपनी के प्रतिनिधि टुनटुन चौरसिया ने बताया कि विशेष डिजाइन में तैयार कुकर को भारतीयता और देश की पहचान से जोड़कर प्रदर्शित किया गया है। ट्रेड शो में आने वाले लोग कुकर का डिजाइन देखकर स्टाल पर रुक रहे हैं और इसके निर्माण व विशेषताओं की जानकारी ले रहे हैं। कंपनी की ओर से तिरंगे रंग के कुकर के साथ पिरामिड डिजाइन में तैयार किए गए कुकर भी प्रदर्शित किए गए हैं। इनका डिजाइन सामान्य कुकर से अलग है, जिससे स्टाल पर लगातार आगंतुकों की भीड़ जुट रही है।

नेपाल से युगांडा तक पहुंच

कंपनी के अनुसार उसके उत्पादों की घरेलू बाजार के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मांग है। नेपाल, मलेशिया, युगांडा और अफगानिस्तान समेत कई देशों में कुकर की मांग है। कंपनी ने वर्ष 2010 में लिम्का बुक आफ रिकार्ड में भी स्थान बनाने का दावा किया है। इसके उत्पादों को डिजाइन कापीराइट और आइएसआइ मार्क प्राप्त है। इसके अलावा एनएसआइसी, आइएसओ, आइपी समेत कई पंजीकरण और पेटेंट भी हासिल होने की जानकारी कंपनी की ओर से दी गई है।

विदेशी कारोबारियों से नए बाजार की उम्मीद

यूपीआइटीएस में बड़ी संख्या में विदेशी प्रतिनिधि और कारोबारी पहुंच रहे हैं। ऐसे में कंपनी को अपने उत्पादों के लिए नए बाजार तलाशने और संभावित व्यापारिक साझेदारी के अवसर मिलने की उम्मीद है। कंपनी प्रतिनिधियों की ओर से विदेशी खरीदारों को उत्पादों की गुणवत्ता, डिजाइन और बाजार में मांग के बारे में जानकारी दी जा रही है।