राजनीतिलखनऊ

अखिलेश यादव ने सपा प्रवक्ताओं को दी नसीहत,बोले-10 सेकंड की रील से छवि बनती-बिगड़ती है,बिना तैयारी डिबेट में न जाएं

अखिलेश यादव ने सपा प्रवक्ताओं को दी नसीहत,बोले-10 सेकंड की रील से छवि बनती-बिगड़ती है,बिना तैयारी डिबेट में न जाएं

डिजिटल डेस्क , लखनऊ: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पार्टी के प्रवक्ताओं से कहा है कि 10 सेकंड की रील से बनती-बिगड़ती है छवि, बिना तैयारी डिबेट में न जाएं। आज सोशल मीडिया का दौर है और आपकी कही हुई बात तेजी से वायरल होती है। कभी भी बिना पूरी तैयारी के किसी भी टीवी डिबेट या चर्चा में शामिल न हों। धर्म और जाति के मुद्दों, जिनसे किसी की भावना आहत हो उनसे बचना है।

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ताओं की शनिवार को बैठक करीब दो घंटे तक चली है। इस बैठक में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी के प्रवक्ताओं और मीडिया पैनलिस्ट्स के लिए एक बेहद सख्त और जरूरी गाइडलाइन तय की है। उन्होंने कहा कि आपकी कही हुई बात तेजी से वायरल होती है। 10 सेकंड की रील से पार्टी की छवि बनती और बिगड़ती है। अखिलेश ने कहा है कि बिना तैयारी के डिबेट में न जाएं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि मौजूदा दौर सोशल मीडिया का है। पार्टी की कार्यशैली और छवि को लेकर उन्होंने साफ किया कि जरा सी चूक भारी पड़ सकती है। साथ ही अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि हर मुद्दे पर बोलने से ज्यादा महत्वपूर्ण चुप रहना होता है, क्यों कि कई बार चुप रहकर भी बड़ा संदेश दिया जा सकता है।

इस बार ‘वोट का बुलडोजर’ चलेगा- अखिलेश

इस दौरान अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला और कहा कि हम सकारात्मक राजनीति कर रहे हैं जबकि बीजेपी की राजनीति हमेशा से नकारात्मक रही है। उन्होंने हाल ही में रायबरेली से अपनी ‘पीडीए रथयात्रा’ की शुरुआत करते हुए दावा किया था कि पूरे उत्तर प्रदेश में पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यकों की हवा चल रही है और यह आगामी मुकाबला सीधे तौर पर बीजेपी बनाम पीडीए है। अखिलेश यादव ने कहा कि पूरा उत्तर प्रदेश देख रहा है कि पीडीए के आंदोलन से बुलडोजर चलाने वाले बचने वाले नहीं हैं। इस बार ‘वोट का बुलडोजर’ चलेगा और हमेशा के लिए डिमॉलिश कर देगा।