स्पोर्ट्स डेस्क : जेपी ग्रींस गोल्फ एंड स्पा रिजार्ट में बुधवार से कपिल देव इनविटेशनल टूर चैंपियनशिप का आगाज हो गया। 10 अक्टूबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में देश-विदेश के 64 प्रोफेशनल खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। दो करोड़ रुपये की कुल पुरस्कार राशि वाली यह प्रतियोगिता पहली बार टूर चैंपियनशिप के रूप में आयोजित की जा रही है। उद्घाटन अवसर पर स्कूली बच्चों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूर्व क्रिकेटर कपिल देव से आटोग्राफ लेने को लेकर बच्चों में खासा उत्साह नजर आया।
प्रतियोगिता में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआइ आर्डर आफ मेरिट के मौजूदा शीर्ष-60 खिलाड़ियों को सीधे प्रवेश दिया गया है। सीजन के अंतिम चरण से पहले हो रही यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए बेहद अहम है। इसके परिणाम के बाद रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप के शीर्ष-24 खिलाड़ियों की स्थिति तय होगी। ऐसे में खिलाड़ियों के सामने ट्राफी जीतने के साथ अपनी रैंकिंग मजबूत करने की भी चुनौती है।
प्रतियोगिता में शुभंकर शर्मा, मौजूदा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआइ आर्डर आफ मेरिट चैंपियन युवराज संधू और वर्तमान आर्डर आफ मेरिट लीडर सप्तक तलवार समेत देश के कई प्रमुख खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। खलिन जोशी, वीर अहलावत, हनी बैसोया, अक्षय शर्मा और राशिद खान भी मैदान में हैं। ग्रेटर नोएडा के अमरदीप मलिक और अर्जुन शर्मा भी स्थानीय चुनौती पेश करेंगे।
आठ देशों के खिलाड़ी भी मैदान में
चैंपियनशिप में आठ देशों के 10 विदेशी खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। इनमें श्रीलंका के एन थंगाराजा, इटली के मिशेले आर्टोलानी, बांग्लादेश के जमाल हुसैन, बादल हुसैन व मोहम्मद अकबर हुसैन, नेपाल के सुभाष तमांग, चेक गणराज्य के स्टेपन डानेक, युगांडा के जोशुआ सील, थाईलैंड के तनापत पिचाई कूल और जापान के कोइचि रोइशिका शामिल हैं।
प्रोफेशनल के साथ अमेच्योर भी उतरेंगे
प्रतियोगिता के चारों राउंड में प्रोफेशनल खिलाड़ियों के साथ अलग-अलग अमेच्योर खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे। प्रत्येक टीम में एक प्रोफेशनल और एक अमेच्योर खिलाड़ी होगा। अमेच्योर खिलाड़ी माडिफाइड स्क्रैंबल, जबकि प्रोफेशनल खिलाड़ी सामान्य स्ट्रोक प्ले प्रारूप में खेलेंगे। प्रोफेशनल का स्कोर व्यक्तिगत लीडरबोर्ड के साथ प्रो-एम चैंपियनशिप में भी जोड़ा जाएगा। प्रत्येक राउंड के बाद शीर्ष तीन प्रो-एम टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा।
डीपी वर्ल्ड पीजीटीआइ के अध्यक्ष कपिल देव ने कहा कि प्रतियोगिता में देश के शीर्ष प्रोफेशनल खिलाड़ियों के साथ अमेच्योर खिलाड़ियों को भी प्रोफेशनल गोल्फ के प्रतिस्पर्धी माहौल का अनुभव मिलेगा। मजबूत खिलाड़ियों की मौजूदगी, बड़ी पुरस्कार राशि और अलग प्रारूप इसे खास बनाते हैं। उन्होंने लोगों से गोल्फ को बढ़ावा देने के लिए आगे आने की अपील की।
न्यूजीलैंड दौरे पर गई भारतीय टी-20 टीम को लेकर कपिल देव ने कहा कि वह इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। टीम को अच्छा क्रिकेट खेलने की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड का दौरा हमेशा मुश्किल होता है। इस मौके पर डीपी वर्ल्ड पीजीटीआइ के सीईओ अमनदीप जोहल भी मौजूद रहे।
