सड़क जलमग्न… रेलवे लाइन से गुजरने को मजबूर स्कूल के बच्चे

– दादरी रेलवे स्टेशन के बगल की सड़क पर जलभराव से परेशानी लोग, जिम्मेदार बेखबर

– स्थानीय निवासियों के साथ यात्री भी रेलवे लाइन से मुख्य मार्ग तक जाने को हैं मजबूर

ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की लापरवाही के चलते सड़क पर हो रहे जलभराव के कारण स्कूली बच्चे औरस्थानीय निवासी रेलवे लाइन से आवागमन करने को मजबूर हो रहे हैं। इसके चलते यहां से निकलने वाले लोगों में हादसे का भी डर सताया करता है, लेकिन लोगों को बाहर जाने के लिए मजबूरी में रेलवे लाइन से होकर गुजरना पड़ रहा है। दादरी रेलवे स्टेशन के पास की सड़क पर जलभराव होने के कारण और भी हादसों का खतरा बना रहता है।

सोमवार सुबह कुछ स्कूल बच्चे अपने अभिभावकों के साथ रेलवे लाइन से जाते हुए दिखाई दिए। वहीं रेलवे लाइन के बगल की सड़क पर जलभराव हो रखा है। बता दें कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से सड़क का निमार्ण कराया जा रहा है। ऐसे में जलनिकासी की कोई उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी सड़क पर भरा हुआ है। ऐसे में स्थानीय निवासी मजबूरी में रेलवे लाइन से निकलने को मजबूर हो रहे हैं। बता दें कि दादरी रेलवे स्टेशन के पास की सड़क पर जलभराव होने के कारण यहां पर रोजाना उतरने वाले सैकड़ों यात्री भी मजबूरी में रेलवे लाइन से ही निकल जाते हैं। इससे यहां पर हादसे होने का खतरा अधिक बना रहता है। यात्री शिवम ने बताया कि वह सुबह दादरी रेलवे स्टेशन उतरा था। उसे ग्रेटर नोएडा के अल्फा दो जाना था। इस दौरान आगे की सड़क पर जलभराव होने के कारण मजबूरी में रेलवे लाइन से होकर आगे जाना पड़ा। इस दौरान उसके मन में लगातार डर सा बना रहा। तिलपता निवासी लक्ष्मण दत्त शर्मा ने बताया कि लंबे समय से सड़क पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। इस कारण लोग मजबूरी में रेलवे लाइन से आवागमन कर रहे हैं। समस्या को लेकर कई बार जिम्मेदारों से शिकायत की गई है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है। वहीं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है, मौके कि निरीक्षण कर जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाएगी।