एनसीबी की कार्रवाई के बीच विदेशी महिला ने बालकनी से लगाई छलांग
डिजिटल डेस्क : दक्षिणी दिल्ली के महरौली इलाके में ड्रग्स तस्करी की कार्रवाई के दौरान विदेशी महिला बालकनी ने छलांग लगा दी। इससे टीम के बीच हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक, उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम महरौली थाना क्षेत्र में एक फ्लैट पर संदिग्ध ड्रग तस्करी की सूचना के आधार पर छापेमारी करने पहुंची थी। टीम ने फ्लैट में मौजूद लोगों को पकड़ने का प्रयास किया, तभी वहां मौजूद विदेशी महिला ने गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में बालकनी से छलांग लगा दी। छापेमारी के दौरान एनसीबी ने नाइजीरिया के दो नागरिकों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के अनुसार दोनों के कब्जे से बड़ी मात्रा में संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद हुए हैं। बरामद सामग्री को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह किस श्रेणी का मादक पदार्थ है। जांच एजेंसियां अब इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि गिरफ्तार आरोपितों का संबंध किसी अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से है या नहीं। मामले में दिल्ली पुलिस भी एनसीबी के साथ समन्वय कर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपितों के संपर्कों, वित्तीय लेनदेन और भारत में उनकी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।