आ रहा हूं प्रयागराज…” छात्रों के नाम राहुल गांधी का बड़ा संदेश, पेपर लीक और भर्तियों पर सरकार को घेरा

WhatsApp Image 2026-08-07 at 2.49.07 PM

रवी शर्मा, उत्तर प्रदेश : लोकसभा में विपक्ष के नेता व सांसद राहुल गांधी ने प्रयागराज दौरे से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबा संदेश साझा करते हुए छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पेपर लीक, सरकारी भर्तियों में देरी और भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। साथ ही छात्रों और युवाओं से 8 अगस्त को प्रयागराज में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट की शुरुआत “प्रयागराज आ रहा हूं” से करते हुए लिखा कि यह देश का वह शहर है, जहां सबसे अधिक युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। उन्होंने कहा कि यहां का हर छात्र जानता है कि उसकी मेहनत में कोई कमी नहीं है, बल्कि समस्या उस व्यवस्था में है, जो मेहनत का उचित सम्मान नहीं करती। कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि पेपर लीक, रुकी हुई भर्तियां, वर्षों का इंतजार और जवाबदेही का अभाव आज देश के लाखों युवाओं की सबसे बड़ी चिंता बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कोटा, देहरादून और दिल्ली का जिक्र करते हुए कहा कि छात्रों ने जब अपनी आवाज उठाई तो उन पर कार्रवाई की गई। उन्होंने दावा किया कि युवाओं के सवालों को दबाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी आवाज को लंबे समय तक दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने आगे कहा कि “यह सरकार झुकती है, बस आवाज एक साथ उठनी चाहिए।” राहुल गांधी ने छात्रों और युवाओं से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया। अपने संदेश के अंत में राहुल गांधी ने लोगों को 8 अगस्त, शाम 5 बजे प्रयागराज के के.पी. ग्राउंड में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट के साथ #ChhatronKiGoonj हैशटैग का भी इस्तेमाल किया, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

You may have missed