अतीक अहमद के बेटों अली और उमर को मिली पैरोल, छोटे भाई अबान के अंतिम संस्कार में होंगे शामिल

रवि शर्मा, उत्तरप्रदेश : माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उसके दोनों बड़े भाइयों अली अहमद और उमर अहमद को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैरोल दे दी है। हाई कोर्ट की डबल बेंच ने सुनवाई के बाद दोनों की याचिका मंजूर करते हुए यह राहत प्रदान की।
अबान अहमद की गुरुवार को झांसी में एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। हादसे के बाद परिवार की ओर से अली और उमर को अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति देने के लिए इलाहाबाद हाई कोर्ट में पैरोल याचिका दाखिल की गई।
उमर अहमद फिलहाल लखनऊ जेल में बंद है, जबकि अली अहमद झांसी जेल में बंद है। दोनों की याचिका पर सुनवाई करते हुए इलाहाबाद हाई कोर्ट की डबल बेंच ने मानवीय आधार पर पैरोल मंजूर कर दी। अदालत के आदेश के बाद दोनों भाइयों को निर्धारित शर्तों और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंतिम संस्कार में शामिल कराया जाएगा। पैरोल की अवधि और अन्य शर्तों का पालन जेल प्रशासन की निगरानी में कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें… सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के बेटे की मौत — https://asknewsindia.com/20260806133542-386/