बारिश बनी आफत ! जलभराव और जाम से परेशान हुई जनता

WhatsApp Image 2026-08-07 at 10.51.23 PM

दिल्ली एनसीआर । दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते दिल्ली एनसीआर की सड़कों पर वाहनों की रफ्तार में ब्रेक लग गया है। जगह-जगह पर जलभराव होने के कारण आवागमन करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में एक घंटे की दूरी के गंतव्य पर जाने वाले लोगों को दो से ढाई घंटे का समय बिताना पड़ रहा है। दिल्ली एनसीआर की शहर से जोड़ने वाली सड़कों से लेकर एक्सप्रेसवे और एनएचआई में भी कई किमी लंबी वाहनों की कतारें शाम के समय देखने को मिली। इसके अलावा बारिश के मौसम में आटो, ई-रिक्शा चालकों की मनमानी देखने को मिली। एक किमी के सामान्य दिनों में पड़ने वाले किराये के मुकाबले 20 गुना अधिक किराया वसूलते दिखे।

बता दें कि दिल्ली एनसीआर क्षेत्र के दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल, मेवात, हरियाणा समेत अन्य आसपास के जिलों में बृहस्पितावर और शुक्रवार को लगातार बारिश होती रही। इसके चलते सभी स्थानोंं पर लोगों को जलभराव का सामना करना पड़ रहा है। जरूरी काम से बाहर निकल रहे लोगों को पहले तो जलभराव की समस्या झेलनी पड़ रही है, साथ ही जाम में फंसने के कारण समय से कार्यस्थल पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। शुक्रवार शाम को नोएडा सेक्टर 62, 15, 16, 76,51, 45, 101, 100 समेत पूरे शहर की सड़कों पर ट्रैफिक रेंगता रहा। इसी तरह से ग्रेटर नोएडा वेस्ट, ग्रेटर नोएडा, दादरी, तिलपता, डीएनडी, एनएचआई, मेरठ एक्सप्रेसवे समेत अन्य मुख्य मार्गों पर वाहनों की कई किमी लंबी कतारें लगी रहीं। इससे आवागमन करने वाले लोग समय से गंतव्य तक नहीं पहुंच सके। इस दौरान पुलिस टीमें बारिश के बीच ही ट्रैफिक को दुरस्त करने के लिए सड़कों पर डटे रहे और निरंतर वाहनों को डायवर्ट करके दूसरें मार्गों से निकालते रहे।


लोगों ने जिम्मेदारों की कार्यशैली पर खड़े किए सवाल

बता दें कि लगातार दो दिनों तक हुई वर्षा ने दिल्ली एनसीआर के जिम्मेदारों के दावों की पोल खोलकर रख दी। जगह-जगह पर हुए जलभराव ने जिम्मेदारों की ओर से मानसून आने से पहले किए जा रहे दावों को आइना दिखाने का काम किया। स्थानीय लोगों ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल कर जिम्मेदारों की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। कुछ ने तो जिम्मेदारोंं पर सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए लिखा कि यदि समय रहते सरकारी कार्यलायों से बाहर निकले होते, तो शायद यह परेशानी आम नागरिकों को नहीं उठानी पड़ती।


जिला उपभोक्ता न्यायालय के न्यायाधीश का जलभराव से निकलते वीडियो वायरल

शुक्रवार को सुबह एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें बताया जा रहा था, कि ग्रेटर नोएडा स्थिति जिला उपभोक्ता न्यायालय के सामने .जलभराव का है। वीडियो में जाते दिख रहे जिला उपभोक्ता न्यायालय के न्यायाधीश हैं। वायरल वीडियो पर लोगों ने तंज कसते हुए लिखा कि जब न्यायाधीश को जलभराव से होकर न्यायालय जाना पड़ रहा है, तो आम नागरिक जिम्मेदारों से क्या ही उम्मीद करें। इसी तरह से ग्रेटर नोएडा और नोएडा समेत दिल्ली एनसीआर के लगभग सभी सरकारी और निजी कार्यालयों के सामने जलभराव की समस्या देखने को मिली और उसी से होकर अधिकारी गुजरने को मजबूर हुए।

You may have missed