प्रयागराज : राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, बोले – देश के 12 प्रतिशत युवाओं को मिलता है रोजगार

डिजिटल डेस्क । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुक्रवार को राहुल गांधी के छात्र संवाद कार्यक्रम में युवाओं का हुजूम देखने को मिला। इस दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने हर तरफ निजीकरण करने का काम किया है और युवाओं को रोजगार मिलने वाले मुख्य पांच माध्यमों को बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भारत 40 प्रतिशत ऊर्जावान नौजवान रहते हैं। इसके सामने चाइना कुछ भी नहीं है। इन युवाओं को सिस्टम ने डेटा के चक्रव्यूह में फंसा रखा है। 21वीं सदी डेटा की है। सबसे ज्यादा डेटा हिंदुस्तान में है। देश का हर युवा एक जीबी डेटा सोशल मीडिया पर रील बनाने में खर्च कर रहा है। देश में सिर्फ 12 प्रतिशत युवाओं को नौकरी मिलती है। सोशल मीडिया 21वीं सदी का नशा है। बीए, एमए, एमएससी की डिग्री वाले युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है। कहा जाता है कि ब्लिंकिट और ऊबर में काम करो। देश में रोजगार के सभी पांचों दरवाजे बंद हैं। पहला मैन्यूफैक्चरिंग का दरवाजा है। नोटबंदी और गलत जीएसटी के चलते लेदर, टेक्सटाइल्स, ऑटोमोबाइल सेक्टर बंद हो गया है। दूसरा इंटरप्रेन्योरशिप जिसे स्टार्टअप इंडिया कहा जाता है बंद है। बैंक वाले छोटे व्यापारी, लघु, सूक्ष्म और मध्यम वर्ग के कारोबारियों को लोन नहीं देते हैं, जबकि अदाणी और अंबानी को लाखों करोड़ रुपये दे देंगे। 90 फीसदी एमएसएमई को लोन नहीं मिलता है। तीसरा सरकारी नौकरी है, जो पेपर लीक और गलत सिस्टम का शिकार है। 150 में एक युवा को सरकारी नौकरी मिलती है। चौथा पब्लिक सेक्टर है, जो 10 साल पहले 14 लाख युवओं को रोजगार देता था। जिसका निजीकरण कर दिया गया। नवरत्न, बीएसएनएल, एयरपोर्ट बेच दिया गया अडानी को दे दिया गया। पांचवां और आखिरी है आईटी सेक्टर. बैंक, सॉफ्टवेयर का क्षेत्र। इसे एआई के माध्यम से खत्म कर दिया गया। पांचों दरवाजों पर ताला लग गया है। मजदूरी करने के अलावा युवाओं के पास कोई रास्ता नहीं है। इसलिए आपको भयंकर दर्द हो रहा है। डेटा आपका, दर्द आपका, दौलत इनकी।
अदाणी को लेकर भाजपा को घेरा ः
राहुल गांधी ने कहा कि 10 साल पहले विश्व के सबसे धनी लोगों की सूची में अदाणी 600वें नंबर पर थे। 10 साल में इनकी संपत्ति में 30 गुना से ज्यादा इजाफा हो गया और यह विश्व के दूसरे सबसे धनी व्यक्ति हो गए। भारतीय जनता पार्टी का बैंक बैलेंस 10 साल पहले 150 करोड़ का होता था। आज यह 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। नरेंद्र मोदी युवाओं को भटकाते हैं। यह वोट चोरी करते हैं और युवाओं की सोच पर कंट्रोल करने का प्रयास करते हैं। आज हर जगह मोहन भागवत ने आरएसएस के प्रचारक बैठा रखे हैं। विश्वविद्यालयों में आरएसएस प्रचारकों को वाइस चांसलर बनाया जा रहा है। ब्यूरोक्रेट्स में प्रचार, मीडिया में प्रचारक, ज्यूडिशियरी में प्रचारक, पैरामिलिट्री में भी प्रचारकों को रखा जा रहा है।