इटावा सफारी पार्क में 10वीं यूपी स्टेट योग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का हुआ आगाज

WhatsApp Image 2026-08-09 at 9.43.59 AM
  • 18 जिलों के 200 से अधिक प्रतिभागी ले रहे हिस्सा, पहले दिन आगरा प्रथम, बुलंदशहर द्वितीय और इटावा तृतीय स्थान पर

रिपोर्ट कुलदीप दुबे, इटावा। उत्तर प्रदेश योग स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में इटावा सफारी पार्क में आयोजित तीन दिवसीय 10वीं उत्तर प्रदेश स्टेट योग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ शुक्रवार 7 अगस्त 2026 को शाम पांच बजे किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 जिलों से 200 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ इटावा सफारी पार्क के निदेशक डॉ. अनिल कुमार पटेल ने किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में विकास नायक, डीएफओ इटावा, शिवम मिश्रा, डीएफओ मैनपुरी, वेंकटा श्रीकर पटेल, डीएफओ मथुरा, सर्वेश सिंह चौहान अध्यक्ष इटावा क्रिकेट एसोसिएशन, आलोक दीक्षित, अध्यक्ष इटावा व्यापार मंडल तथा श्री कैलाश चंद यादव, प्रबंधक पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल इटावा मौजूद रहे।

आयोजन समिति के सचिव एवं सफारी पार्क के क्षेत्रीय वन अधिकारी ने मुख्य अतिथि तथा सभी विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद उत्तर प्रदेश योग स्पोर्ट्स एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी श्री ए.के. सक्सेना ने प्रतियोगिता में शामिल अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए योग के महत्व और खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, स्वास्थ्य एवं आत्मविश्वास विकसित करने पर प्रकाश डाला। निर्णायक मंडल के अध्यक्ष श्री मुकेश राय ने शाम छह बजे प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ कराया। पहले दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी योग प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दिन की प्रतियोगिता समाप्त होने तक आगरा की टीम प्रथम, बुलंदशहर की टीम द्वितीय तथा इटावा की टीम तृतीय स्थान पर रही।


आयोजन को लेकर प्रतिभागियों और उनके प्रशिक्षकों में खासा उत्साह दिखाई दिया। प्रतियोगिता में इटावा जिले के 45 प्रतिभागी भी हिस्सा ले रहे हैं, जो विभिन्न वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी ए.के. सक्सेना ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन 8 अगस्त 2026 को मुख्य अतिथि के रूप में श्री अजयदीप सिंह, आईएएस (सेवानिवृत्त), अध्यक्ष अखिल भारतीय स्वदेशी खेल एसोसिएशन उपस्थित रहेंगे। दूसरे दिन की प्रतियोगिताएं सुबह 9 बजे से शुरू होकर शाम 8 बजे तक चलेंगी। आयोजकों ने बताया कि तीन दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश में योग खेलों को बढ़ावा देना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।

You may have missed