खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा स्थगित, पहलगाम और बालटाल दोनों रूट पर लगी रोक

IMG-20260810-WA0008
  • बारिश और मौसम विभाग के प्रतिकूल पूर्वानुमान के बीच लिया गया फैसला, यात्रा मार्गों की मरम्मत और रखरखाव का काम भी जारी

रवि शर्मा, श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश और खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। प्रशासन ने पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से यात्रा पर 9 अगस्त से रोक लगाने का फैसला किया है। यह निर्णय हाल की बारिश, यात्रा मार्गों की स्थिति और मौसम विभाग के अगले कुछ दिनों के प्रतिकूल पूर्वानुमान को देखते हुए लिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, बारिश के कारण यात्रा मार्ग के कुछ संवेदनशील हिस्सों में मरम्मत और रखरखाव की जरूरत सामने आई है। इन हिस्सों पर बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) की ओर से काम किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फिलहाल दोनों प्रमुख मार्गों पर यात्रा रोकने का निर्णय लिया गया है।

जम्मू से नया जत्था भी नहीं हुआ रवाना :

खराब मौसम के मद्देनजर जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से नया यात्रा जत्था भी रवाना नहीं किया गया। वहीं, बालटाल बेस कैंप में ठहरे 1202 श्रद्धालुओं के 28वें जत्थे को 44 वाहनों के काफिले के साथ जम्मू की ओर रवाना किया गया। इस बीच 8 अगस्त को 3,336 श्रद्धालुओं ने पवित्र अमरनाथ गुफा में दर्शन किए। इसके साथ ही 2026 की यात्रा में अब तक दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 4 लाख 80 हजार 19 हो गई है।

3 जुलाई से शुरू हुई थी यात्रा :

57 दिनों की वार्षिक अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई 2026 को पहलगाम के चंदनवाड़ी और गांदरबल के बालटाल मार्ग से शुरू हुई थी। यात्रा का निर्धारित समापन 28 अगस्त को पारंपरिक छड़ी मुबारक समारोह के साथ होना है।फिलहाल यात्रा बहाली की तारीख को लेकर कोई निश्चित जानकारी नहीं दी गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा से जुड़ी आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करें और मौसम की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

You may have missed