झारखंड में छात्रों का विधानसभा मार्च उग्र, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस का भी इस्तेमाल

IMG-20260810-WA0028

रवि शर्मा, रांची: झारखंड की राजधानी रांची में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन सोमवार को उस समय उग्र हो गया, जब हजारों की संख्या में अभ्यर्थी विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़े। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और वाटर कैनन के साथ आंसू गैस का इस्तेमाल कर भीड़ को रोकने की कोशिश की।

कई बैरिकेड पार कर विधानसभा की ओर बढ़े छात्र

JPSC और JSSC से जुड़ी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और पारदर्शिता की मांग को लेकर छात्र पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। सोमवार को बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर मार्च करने निकले। प्रशासन ने विधानसभा के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। इलाके में कई स्तर की बैरिकेडिंग और कंटीले तार लगाए गए थे। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों ने कई बैरिकेड पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन चलाया। स्थिति बिगड़ने पर आंसू गैस के गोले छोड़े गए और पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया।

17वें दिन भी जारी रहा छात्रों का आंदोलन

भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों का आंदोलन सोमवार को 17वें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारी परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और अपनी अन्य मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बना रहे हैं। सरकार का कहना है कि छात्रों की करीब 98 फीसदी मांगें स्वीकार की जा चुकी हैं, लेकिन प्रदर्शनकारी इससे संतुष्ट नहीं हैं। छात्रों का कहना है कि उनकी प्रमुख मांगों का अभी समाधान नहीं हुआ है।

लाठीचार्ज के बाद बढ़ा तनाव

बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया। लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्र और पुलिसकर्मी घायल हुए है। हालांकि घायलों की सटीक संख्या को लेकर अभी आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

विधानसभा के आसपास प्रशासन ने पहले ही प्रतिबंधात्मक आदेश लागू कर रखे थे। करीब 750 मीटर के दायरे में सुरक्षा बढ़ाई गई और बैरिकेडिंग के साथ कंटीले तार लगाए गए थे। रांची में स्कूलों को भी बंद रखा गया। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की थी।

राजनीतिक रंग भी चढ़ा

छात्रों के आंदोलन के बीच झारखंड में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। बीजेपी ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर राज्य की हेमंत सोरेन सरकार को घेरा है। विधानसभा मार्च के दौरान विपक्षी बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता भी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते नजर आए। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत कई बीजेपी नेताओं को हिरासत में लिए जाने की खबर है।

You may have missed