गौशाला संचालक द्वारा गौवंश छोड़ने का आरोप लगाकर किसानों ने राज्यमंत्री और एसडीएम से की शिकायत

रामप्रकाश श्रीवास्तव, संवाददाता
कानपुर देहात। कस्बा शिवली स्थित राघव गोवर्धन गौशाला संचालक द्वारा रात के समय गौशाला के गौवंशों को छोड़ देने से किसानों की फसलें चौपट हो रही हैं। फसलें बर्बाद होने से परेशान कस्बा शिवली व आसपास गांवों के करीब दो सैकड़ा से अधिक किसानों ने मंगलवार को मैथा तहसील पहुंच गौशाला संचालक के खिलाफ एसडीएम को ज्ञापन देकर गौशाला को बन्द करवाये जाने की मांग की है। इस दौरान मौके पर पहुंची राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला से भी किसानों ने गौशाला संचालक की दबंगई एवं मनमानी पर रोक लगाए जाने की मांग की है। राज्यमंत्री ने किसानों की समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी से वार्ता कर निष्पक्ष जांच करवाए जाने का आश्वासन दिया है। पीड़ित किसानों ने जानवरों से फसल की रखवाली करते समय सर्पदंश से होने वाली मौत एवं आर्थिक तंगी से आत्म हत्या किए जाने की जिम्मेदारी प्रशासन एवं गौशाला संचालक की होने की बात कही है।
शिवली कस्बा स्थित राघव गोवर्धन गौशाला में सैकड़ों गौवंश मौजूद हैं। शिवली कस्बा एवं आसपास क्षेत्र के किसानों का कहना है कि गौशाला के संचालक द्वारा पिछले 10 वर्षों से रात के समय गायों को छोड़ दिया जाता है। गौवंशों को छोड़े जाने से आसपास क्षेत्र की सैकड़ों बीघा जमीन में खड़ी धान मक्का एवं बाजरा की फसलें बर्बाद हो चुकी है जिसकी वजह से किसान भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। राघव गोवर्धन गौशाला की गायों द्वारा फसलों को बर्बाद किए जाने से परेशान होकर मंगलवार को समाजसेवी वतन अग्निहोत्री के नेतृत्व में सैकड़ो किसानों ने मैथा तहसील पहुंचकर उप जिलाधिकारी को ज्ञापन देते हुए निजी गौशाला को बंद करवाए जाने की मांग की है। शिवली कस्बा निवासी विजय कुमार अग्निहोत्री मौजी सभासद मोनी अवस्थी कृष्ण चंद्र तिवारी शेषनारायण शुक्ला विजय मिश्रा रविंद्र कुमार सभासद साहुल दीक्षित सुरेंद्र पाठक लालू संजय अग्निहोत्री देशराज लीलाधर राजकुमार सौरभ तिवारी विशाल तिवारी सुरेंद्र चंद्र जय कुमार विमलेश कुमार कौशल कुमार संदीप पवन नारायण कुमार राजकुमार कमलेश महेश चंद्र पप्पू अशोक संजू वर्मा विनोद कुमार राजू अवस्थी रमजानी ननकू वर्मा बलवान सिंह संतोष रामजीवन रविंद्र कुमार दिनेश कुमार राजेंद्र कुमार अमरेश कुमार हरि कृष्ण राज नारायण राकेश अग्निहोत्री यदुवीर सिंह जितेंद्र कुमार शर्मा आकाश सुंदरलाल लाल मिश्रा रमाशंकर मयंक शर्मा राम भजन राजेश गौतम रामबाबू यादव श्याम बाबू जितेंद्र कुमार शर्मा समेत दो सैकड़ा से अधिक किसानों ने एसडीम से शिकायत करते हुए बताया कि काफी लंबे अरसे से गौशाला संचालक धर्म नारायण शुक्ला एवं राघव शुक्ला द्वारा रात के समय गायों को छोड़ जाता है जो आसपास क्षेत्र में खड़ी फसलों को बरबाद कर देती है। वह लोग जब गौशाला संचालक से शिकायत करने जाते हैं तो वह लोग गाली गलौज कर मारपीट पर आमादा हो जाते हैं और झूठे मुकदमे में फंसाए जाने की धमकी देने लगते हैं। इस समस्या के बाबत वह लोग इससे पहले भी कोतवाली एवं तहसील समाधान दिवस पर शिकायत दर्ज करवा चुके हैं लेकिन उनको गौशाला की गायों से आज तक छुटकारा नहीं मिल सका है। एसडीम ने बताया कि गौशाला संचालक के खिलाफ शिकायत मिली है जांच कर कार्रवाई की जाएगी।