सिर दर्द-उल्टी के साथ आ रहा तेज बुखार, तो बिल्कुल न बरतें लापरवाही, हो सकता है यह वायरस

मेडिकल डेस्क : यदि आपको भी सिर में दर्द और उल्टी होने के साथ आ रहा है तेज बुखार तो बिल्कुल भी लापरवाही नहीं बरतें। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत डाक्टर को दिखाकर परामर्श लेने की जरूरत है। यह लक्षण चांदीपुरा वायरस के होते हैं। डाक्टरों का कहना है कि बेचैनी या अत्यधिक नींद जैसे लक्षण दिखाई दें तो इन्हें सामान्य वायरल बुखार समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। चिकित्सकों के अनुसार, ऐसे लक्षण चांदीपुरा वायरस संक्रमण से जुड़े हो सकते हैं। यह एक वायरल संक्रमण है, जो मुख्य रूप से सैंडफ्लाई यानी बालू मक्खी के काटने से फैलता है। बच्चों में इसका असर अधिक गंभीर हो सकता है और यह एक्यूट एंसेफलाइटिस सिंड्रोम (एईएस) जैसी न्यूरोलाजिकल बीमारी का कारण बन सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार संक्रमण की स्थिति में तेज बुखार और सिरदर्द के साथ उल्टी, बेचैनी, अत्यधिक नींद या व्यवहार में बदलाव जैसे लक्षण सामने आ सकते हैं। गंभीर मामलों में मरीज को दौरे पड़ने, चेतना प्रभावित होने और तंत्रिका तंत्र से जुड़ी अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। बीमारी तेजी से गंभीर रूप ले सकती है, इसलिए लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। वायरस से बचाव के लिए सैंडफ्लाई के संपर्क में आने से बचना महत्वपूर्ण है। घर और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखें। रेत, मिट्टी या ऐसी जगहों पर अनावश्यक रूप से जाने से बचें जहां सैंडफ्लाई की मौजूदगी की आशंका हो। शाम और रात के समय शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें तथा आवश्यकता के अनुसार मच्छरदानी और उपयुक्त कीटरोधी उपायों का इस्तेमाल करें।