पिता की मौत के बाद शव का लगवाया अंगूठा, संपत्ति हड़पने का आरोप! वीडियो वायरल…

WhatsApp Image 2026-08-13 at 10.56.59 PM

डिजिटल डेस्क : लखनऊ के रहीमाबाद क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां 75 वर्षीय छत्रपाल की मृत्यु के बाद उनके इकलौते बेटे महेंद्र पर कथित तौर पर शव के अंगूठे का निशान सादे कागजों पर लगवाने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद इलाके में इसकी चर्चा तेज हो गई।


जानकारी के मुताबिक, छत्रपाल ने अपने जीवनकाल में बेटे पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए उसे संपत्ति से बेदखल कर दिया था। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी जमीन अपनी बेटियों के नाम कर दी थी। इसके बाद 9 जुलाई को छत्रपाल की मृत्यु हो गई।
आरोप है कि पिता की मौत के बाद संपत्ति पर कब्जा करने के इरादे से बेटे महेंद्र ने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर कथित तौर पर शव के अंगूठे का निशान सादे कागजों पर लगवाया। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

वायरल वीडियो की जांच में जुटी पुलिस
वीडियो सामने आने के बाद रहीमाबाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी बेटे के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सादे कागजों पर शव का अंगूठा किस उद्देश्य से लगवाया गया था। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और आगे की कानूनी कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।