राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान: राकेश सचान

- इको पार्क में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, कैबिनेट मंत्री ने किया ध्वजारोहण
- स्वतंत्रता दिवस समारोह में लाभार्थियों को वितरित किए गए प्रमाणपत्र, किट एवं पोषण पोटली
- देशभक्ति से सराबोर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, छात्र-छात्राओं ने बिखेरा प्रतिभा का रंग
डिजिटल डेस्क, कानपुर देहात :
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं वीर शहीदों के त्याग और बलिदान के कारण ही हम आज स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने सभी से राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। यह बातें कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने शनिवार को कानपुर देहात के इको पार्क में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर कहीं। उन्होंने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, किट एवं पोषण पोटली वितरित कर उन्हें योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में उत्साह एवं देशभक्ति की भावना का संचार किया। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करने के साथ ही राष्ट्र निर्माण के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जनहित में पूरी निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए पात्र लाभार्थियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह आदि मौजूद रहे।