रवि शर्मा , लखनऊ: आरक्षण सुधार आंदोलन को लेकर शनिवार को महत्वपूर्ण राजनीतिक और प्रशासनिक पहल देखने को मिली। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हर्ष दुबे और छात्र प्रतिनिधिमंडल के साथ लखनऊ में पत्रकार वार्ता कर उनकी मांगों और चिंताओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया कि छात्रों की मांगों को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा और संबंधित केंद्रीय मंत्री से उनकी मुलाकात करवाया जाएगा।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों की ओर से सौंपे गए ज्ञापन को केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचा दिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि युवाओं की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और समाधान के लिए संवाद का रास्ता अपनाया जाएगा। सरकार छात्रों के भविष्य और हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
आंदोलन से जुड़े प्रतिनिधियों ने सरकार की पहल का स्वागत किया है। हालांकि आंदोलन से जुड़े पक्षों की ओर से यह भी संकेत दिया गया है कि उनकी मांगों पर ठोस प्रगति और केंद्रीय स्तर पर बातचीत के बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी।
आरक्षण सुधार आंदोलन के तहत प्रदर्शनकारी शिक्षा, छात्रवृत्ति, कोचिंग सहायता और सरकारी योजनाओं में आर्थिक आधार को अधिक महत्व देने सहित कई मांगें उठा रहे हैं। इन मांगों को लेकर हाल के दिनों में जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में छात्र और युवा एकत्र हुए थे।

