अपराधकानपुर

लाखों की चोरी का खुलासा, 17 वर्षीय बाल अपचारी गिरफ्तार, नकदी समेत भारी मात्रा में सामान बरामद

लाखों की चोरी का खुलासा, 17 वर्षीय बाल अपचारी गिरफ्तार, नकदी समेत भारी मात्रा में सामान बरामद

डिजिटल डेस्क, कानपुर : फीलखाना थाना पुलिस ने चोरी के एक मुकदमे का खुलासा करते हुए 17 वर्षीय बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक उसकी निशानदेही पर कुली बाजार स्थित एक पुराने बंद मकान के पास छिपाकर रखा गया 3 लाख 19 हजार 7 रुपये नकद, 135 दिरहम विदेशी मुद्रा और बड़ी मात्रा में सफेद धातु के आभूषण व अन्य सामान बरामद किया गया है।

कानपुर में फीलखाना थाना क्षेत्र के घुमनी बाजार में कारोबारी के घर का ताला तोड़कर लाखों का माल चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मु0अ0सं0 58/2026, धारा 331(4)/305 बीएनएस से संबंधित मामले में आरोपित की तलाश और सुरागरसी की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर 18 सितंबर को गणेश शंकर विद्यार्थी पार्क के पास से करीब 17 वर्षीय आयुष वर्मा उर्फ बंदर को पकड़ा गया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी का माल बरामद हुआ। बरामद नकदी में 500 रुपये के 638 नोट, 5 रुपये का एक नोट और 1 रुपये के दो नोट शामिल हैं। इसके अलावा 100, 20, 10 और 5 दिरहम के नोट समेत कुल 135 दिरहम विदेशी मुद्रा मिली। पुलिस ने चार सफेद धातु के बिस्किट, 20 पायल, तीन पायजेब, लॉकेट, गिलास, पानदान, चुनौटी, विभिन्न डिब्बियां, सिक्के, बिछिया, पैजनिया, पेन और अन्य सामान भी बरामद किया है। बरामद सामान की पहचान मुकदमे की वादिनी द्वारा किए जाने की बात पुलिस ने कही है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

तीन मुकदमों में नाम दर्ज

पुलिस के मुताबिक बाल अपचारी को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक बाल अपचारी के खिलाफ फीलखाना, बादशाहीनाका और कलक्टरगंज थानों में चोरी और बरामदगी से संबंधित कुल तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार बाल अपचारी के खिलाफ फीलखाना के मौजूदा मुकदमे के अलावा बादशाहीनाका थाने में वर्ष 2026 और कलक्टरगंज थाने में वर्ष 2025 में चोरी व चोरी का माल बरामद होने से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी रीना सिंह, उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुमार, विनोद कुमार जायसवाल, असित कुमार, रमन कुमार, शिवम सिंह समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।