डिजिटल डेस्क, कानपुर देहात : रनियां कस्बे में एक डेंटल क्लीनिक में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। युवक के स्वजन ने चिकित्सक पर गलत इलाज का आरोप लगाते हुए क्लीनिक के बाहर शव रखकर हंगामा किया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्वजन को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि युवक ने करीब 21 दिन पहले क्लीनिक में दांत उखड़वाया था। परिजनों का आरोप है कि दांत उखाड़ने के बाद लगातार खून निकलता रहा और काफी प्रयास के बावजूद रक्तस्राव बंद नहीं हुआ। हालत बिगड़ने पर युवक का उपचार कराया गया, लेकिन रविवार को उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद स्वजन शव लेकर रनियां स्थित संबंधित डेंटल क्लीनिक के बाहर पहुंच गए। उन्होंने चिकित्सक पर उपचार में लापरवाही और गलत इलाज का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। क्लीनिक के बाहर हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले में पुलिस परिजनों की तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

