डिजिटल डेस्क, शामली: दिल्ली रोड स्थित टायर मार्केट में संचालित एमएस हॉस्पिटल में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के लिए छापेमारी की। टीम का नेतृत्व स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. दीपक चौधरी ने किया। कार्रवाई के दौरान अस्पताल संचालक और स्वास्थ्य विभाग की टीम के बीच विरोध की स्थिति बन गई।
स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. दीपक चौधरी के अनुसार, जांच के दौरान अस्पताल के संचालन और पंजीकरण से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी ली गई। उनका आरोप है कि करीब 40 बेड का अस्पताल बिना पंजीकरण संचालित किया जा रहा था। मौके पर डॉक्टर भी मौजूद नहीं मिले।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल की ओटी को सीज करने की कार्रवाई शुरू की तो अस्पताल संचालक ने इसका विरोध किया। आरोप है कि संचालक ने टीम के साथ जमकर विरोध किया, जिसके बाद मौके पर विवाद की स्थिति बन गई। अस्पताल संचालक की ओर से स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं और बिना नोटिस ओटी सीज करने का आरोप लगाया गया है।
वहीं, नोडल अधिकारी डॉ. दीपक चौधरी ने मामले की शिकायत पुलिस चौकी में की है। उन्होंने अपनी जान को खतरा होने की बात भी कही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्पताल के पंजीकरण और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जांच की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में अस्पताल संचालक का पक्ष भी जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है।

