अपराधकानपुर देहात

टायर फैक्ट्री में भीषण आग, दो मजदूरों की मौत

टायर फैक्ट्री में भीषण आग, दो मजदूरों की मौत
  • तेल टैंक में लोडिंग के दौरान लगी आग, धमाके के बाद मची अफरा-तफरी; कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका

रामप्रकाश श्रीवास्तव, संवाददाता

कानपुर देहात। गजनेर थाना क्षेत्र के जरिहा गांव स्थित एक टायर फैक्ट्री में मंगलवार को तेल टैंक में लोडिंग के दौरान भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। तेज लपटों के बीच तेल टैंक में धमाका होने की भी सूचना है।

हादसे के समय फैक्ट्री में बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे। आग की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई। वहीं, कई अन्य मजदूरों के फैक्ट्री के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

आग इतनी भीषण थी कि मौके पर दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दिया। दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। पुलिस टीम फैक्ट्री परिसर में मौजूद लोगों को बाहर निकालने और स्थिति को नियंत्रित करने में लगी हुई है। रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

प्रशासन की ओर से हादसे में मृतकों की पहचान और घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, तेल टैंक में लोडिंग के दौरान आग लगने के बाद स्थिति बिगड़ी और आग तेजी से फैल गई। टैंक में धमाके के बाद राहत एवं बचाव अभियान और चुनौतीपूर्ण हो गया।

मौके पर पुलिस अधिकारियों और अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। एसपी श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रतीक श्रीवास्तव ने घटनास्थल की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों के मुताबिक, प्राथमिकता फैक्ट्री के अंदर फंसे संभावित मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना और आग पर पूरी तरह काबू पाना है।

फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका के चलते प्रशासन की ओर से लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।