देशगौतम बुद्ध नगर

सेक्टर बीटा-एक में डीएम ने किया निरीक्षण, पौधारोपण के साथ सुनीं आरडब्ल्यूए की समस्याएं

सेक्टर बीटा-एक में डीएम ने किया निरीक्षण, पौधारोपण के साथ सुनीं आरडब्ल्यूए की समस्याएं

डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर : सेक्टर बीटा-एक का मंगलवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेक्टर के पार्क में बरगद, पीपल और पीलखन के पौधे रोपित किए। निरीक्षण के दौरान आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने सेक्टर की विभिन्न समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया और उनके जल्द समाधान की मांग की।

आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए पूरे सेक्टर के चारों तरफ बाउंड्री वाल का निर्माण कराने की मांग की। उनका कहना था कि सेक्टर की सुरक्षा के लिए चारदीवारी बेहद जरूरी है। इसके अलावा चोक पड़ी सीवर लाइनों के कारण सीवर ओवरफ्लो होने की समस्या से भी डीएम को अवगत कराया गया।

धीमे पानी के प्रेशर की समस्या भी उठाई

आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने गंगाजल परियोजना के तहत सेक्टर में पानी की आपूर्ति का प्रेशर बेहद कम होने की समस्या भी बताई। उनका कहना था कि कम दबाव के कारण लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। इसके साथ ही बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट और पोल से पोल तक बंधे तारों की समस्या भी अधिकारियों के सामने रखी गई।

जिलाधिकारी मेधा रूपम और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के डीजीएम विजय रावल ने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों की समस्याओं को सुना। अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण कर संबंधित समस्याओं का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।

अधिकारियों के साथ आरडब्ल्यूए पदाधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के पीजीएम संदीप चंद्रा, डीजीएम विजय रावल, सीनियर मैनेजर राजेश निम, ज्ञानेंद्र यादव, राजेश गौतम, चेतराम, सौरभ भारद्वाज, मैनेजर स्वतंत्र वर्मा, विवेक किशोर, विपिन राय, अरविंद कुमार, सहायक प्रबंधक रामकिशन, अर्जुन यादव, कुलदीप शर्मा और गौरव बघेल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

आरडब्ल्यूए की ओर से अध्यक्ष संगीता शर्मा, महासचिव हरेंद्र भाटी, संरक्षक विनोद कसाना, कोषाध्यक्ष विपिन भाटी, सचिव ओम प्रकाश शर्मा, सरदार मनजीत सिंह, चौधरी जयपाल सिंह, सुनील भाटी, रेशपाल सिंह, राजेश सिंह, महेंद्र सिंह, देवेंद्र शर्मा और मागेराम शर्मा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।