देश

बद्रीनाथ धाम में आस्था का नया रिकॉर्ड, 17.79 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

बद्रीनाथ धाम में आस्था का नया रिकॉर्ड, 17.79 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

डिजिटल डेस्क, देहरादून : उत्तराखंड के प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। यात्रा शुरू होने के बाद अब तक पहली बार 17.79 लाख से अधिक श्रद्धालु बद्रीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। 22 सितंबर तक कुल 17,79,805 श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम पहुंचकर दर्शन कर चुके हैं।

यात्रा के 153 दिनों में श्रद्धालुओं की यह संख्या पिछले वर्ष के रिकॉर्ड को भी पार कर गई है। वर्ष 2025 में बद्रीनाथ धाम में 17,78,298 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। इस वर्ष यह आंकड़ा पार होने के साथ ही यात्रा इतिहास में नया रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।

मंगलवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम पहुंचे। इस दिन 6,685 श्रद्धालुओं ने बद्रीविशाल के दर्शन किए। खास बात यह है कि कपाट बंद होने में अभी करीब डेढ़ से पौने दो महीने का समय बाकी है। ऐसे में आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में यात्रियों की सुविधाओं, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बद्रीनाथ धाम को उसके धार्मिक और पौराणिक महत्व के अनुरूप भव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में काम लगातार जारी है। यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ ही धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं।

बद्रीनाथ धाम में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या चारधाम यात्रा के प्रति लोगों की बढ़ती आस्था को भी दर्शाती है। यात्रा के शेष दिनों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।