देशगौतम बुद्ध नगर

फतेहाबाद विधायक छोटे लाल वर्मा का निधन, ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में ली अंतिम सांस

फतेहाबाद विधायक छोटे लाल वर्मा का निधन, ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में ली अंतिम सांस

डिजिटल डेस्क, आगरा/ग्रेटर नोएडा : फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक छोटे लाल वर्मा का शुक्रवार को निधन हो गया। वह पिछले दो दिनों से बुखार से पीड़ित थे। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें आगरा के राजपुर चुंगी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

अस्पताल में उपचार के बाद भी उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली ले जा रहे थे। रास्ते में तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमेगा-1 स्थित यथार्थ अस्पताल लाया गया। यहां उपचार के दौरान विधायक ने दम तोड़ दिया।

भाजपा सांसद राजकुमार चाहर ने विधायक के निधन की जानकारी दी। छोटे लाल वर्मा के निधन की खबर से फतेहाबाद क्षेत्र में समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।

विधायक के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी शोक जताया। दोनों नेताओं ने छोटे लाल वर्मा के निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की।

छोटे लाल वर्मा फतेहाबाद विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक थे। उनके निधन से क्षेत्र की राजनीति और पार्टी कार्यकर्ताओं में शोक का माहौल है।