डिजिटल डेस्क, बिहार : जमुई-समस्तीपुर की घटना के बाद अब बिहार को शर्मसार करने वाला एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वीडियो बिहार के बांका के ऐतिहासिक मंदार पर्वत का है। कुछ मनचले युवती के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। पुलिस ने 6 अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। हालांकि, ASK NEWS INDIA इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
बिहार के बांका में मंदार पर्वत पर लड़की से बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। वीडियो में कुछ युवक लड़की को धमकाते और उसके साथ अभद्रता करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक युवक के हाथ में डंडा और दूसरे के हाथ में चप्पल दिखाई दे रही है। आरोप है कि युवकों ने लड़की का हाथ पकड़कर उसे खींचा और धमकाया है। लड़की के साथ मौजूद युवकों ने विरोध किया तो उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की है। बौंसी पुलिस ने 6 अज्ञात युवकों के खिलाफ FIR दर्ज कर पहचान और गिरफ्तारी की जांच शुरू कर दी है और इसमें नजर आ रहे युवक स्थानीय बताए जा रहे हैं। बांका का मंदार पर्वत न केवल बिहार बल्कि पूरे देश में अपनी पौराणिक, धार्मिक और प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। यहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं।
पुलिस के अनुसार, वीडियो करीब 1 महीनें पुराना बताया जा रहा है। इसके बाद अज्ञात मनचलों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस अब वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों और पीड़ित युवती की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पर्वत की तलहटी में स्थित दुकानदारों, स्थानीय ग्रामीणों और पुजारियों से पूछताछ कर रही है। बिहार में लड़कियों से बदसलूकी के कई मामले सामने आए हैं। जमुई और समस्तीपुर के मामलों के बाद अब बांका की घटना ने भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की पहचान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
