डिजिटल डेस्क , यूपी टीम : उत्तर प्रदेश मे होटल, रेस्टोरेंट की जांच हो रही है। सफाई और खाने की जांच की जा रही है। इस अभियान के तहत गुरुवार को छह जिलों में 317 होटल और रेस्टोरेंट की जांच की गई है। मुरादाबाद, प्रयागराज, अयोध्या, बरेली, गोरखपुर और कानपुर में यह अभियान चलाया गया है। कई जगह पर गंदा किचन, कीड़े-मकोड़े और खराब ड्रेनेज मिला है। जिस पर कारवाई हो रही है।
उत्तर प्रदेश में ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने 6 बड़े जिलों के 317 होटलों और रेस्टोरेंटों में जांच अभियान चलाया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने होटल, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का व्यापक निरीक्षण किया। अभियान के तहत कई नामी होटलों और रेस्टोरेंटों में खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई की पोल खोल दी है। विभाग ने कानपुर, प्रयागराज, मुरादाबाद, अयोध्या, बरेली और गोरखपुर समेत 6 जिलों में 317 होटलों और रेस्टोरेंटों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई है। निरीक्षण में स्वच्छता एवं साफ-सफाई, कच्चे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, खाद्य भंडारण, रसोई व प्रसंस्करण क्षेत्र, जल निकासी व्यवस्था, सफाई व्यवस्था, कीड़े-मकौड़ों एवं चूहों की मौजूदगी तथा शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने की व्यवस्था की जांच की गई। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार 24 और प्रतिष्ठानों के खिलाफ लाइसेंस निलंबन व अन्य विधिक कार्रवाई की संस्तुति की गई है। इसके अलावा 174 प्रतिष्ठानों को कमियों को दुरुस्त करने के लिए सुधार नोटिस दिया गया है।
वेज और नॉनवेज को लेकर भारी लापरवाही
कई रेस्टोरेंटों में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को एक ही फ्रीजर में स्टोर करके रखा गया था। वहीं प्रयागराज के अर्बन रेजिडेंसी होटल और गोरखपुर के रामकृष्ण होटल में वेज और नॉनवेज खाना एक ही बर्तन में या एक साथ पकाने का मामला सामने आया है। जिससे संक्रमण का बड़ा खतरा पाया गया है।
कौन से जिलें मे क्या कमी मिली जानिए
कानपुर नगर -पांच प्रतिष्ठानों में मिलीं गंभीर कमियां। इनमें काके की हट्टी रेस्टोरेंट, मॉल रोड, एम/एस आनंद सैफ्रॉन होटल, हर्ष नगर, द डाइनिंग हाउस, आवास-विकास कल्याणपुर, रेवंत हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड–लिटिल शेफ, सिविल लाइंस और एम/एस अल समीम फूड कोर्ट, जाजमऊ में कारोबार बंद करा दिया गया है। सभी जगहों पर स्वच्छता की स्थिति बेहद खराब थी।
प्रयागराज -यहां रसोई और जल निकासी व्यवस्था में तमाम खामियां सामने आई। अर्बन रेजीडेंसी होटल, काटजू रोड, शंभूनाथ होटल एंड बैंक्वेट, हैस्टिंग्स रोड और त्रिवेणी एलायंस त्रिवेणी ग्रैंड, ट्रांसपोर्ट नगर पर कार्रवाई की गई है।
गोरखपुर -जांच के दौरान शहर के होटलों में स्वच्छता और खाद्य भंडारण में बड़ी कमियां सामने आई। यहां रेडिसन होटल, मोहद्दीपुर, रामकृष्ण होटल, बाईपास रोड, द ब्रायन फ्लेवर्स इन रेस्टोरेंट, चंदन स्वीट हाउस और दुलारवा रेस्टोरेंट, कूड़ा घाट का लाइसेंस निलंबित किया गया है।
अयोध्या -यहां एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री से लेकर चूहों के प्रकोप तक के मामले सामने आए। अयोध्या में तिरुपति रेस्टोरेंट, बिरला धर्मशाला, अल हिंद रेस्टोरेंट, मवई, आई एम ओके रेस्टोरेंट, गुलाबबाड़ी, द अरोमा रेस्टोरेंट, डालमिया सैफ्रॉन होटल, प्रथम तल, रघुनंदन भवन, एसआर पिक्चर्स/तरंग सिनेमा मॉल पर कार्रवाई की गई।
बरेली -शहर में जांच के दौरान कॉकरोच से लेकर एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ तक लोगों को परोसते हुए मिले। बरेली में कृष्णा भोजनालय, स्टेशन रोड और रमाडा होटल, सिविल लाइंस का लाइसेंस निलंबित किया गया है।
मुरादाबाद-फ्रीजर में वेज-नॉनवेज साथ, किचन में कीड़े-चूहे यहां जांच में मिले। शहर के जाने माने होटल लावना एनजीआर, टी प्वाइंट, दिल्ली रोड, टाइम 24, दिल्ली गेट और मोती महल डीलक्स होटल पर एक्शन लिया गया है।
विभाग ने दी चेतावनी
खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, कच्चे माल की गुणवत्ता, कीट नियंत्रण, जल निकासी तथा शाकाहारी-मांसाहारी खाद्य पदार्थों के पृथक भंडारण जैसे मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
