देशलखनऊ

रामगोविंद चौधरी के निधन पर मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख, बोले- निधन अत्यंत दुखद

रामगोविंद चौधरी के निधन पर मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख, बोले- निधन अत्यंत दुखद

डिजिटल डेस्क, लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मंत्री रामगोविंद चौधरी के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस अथाह दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “उत्तर प्रदेश विधान सभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मंत्री श्री राम गोविंद चौधरी जी का निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।”

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोविंद चौधरी का शुक्रवार रात लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर से समाजवादी पार्टी समेत प्रदेश के राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई।

आठ बार रहे विधायक, 2017 से 2022 तक नेता प्रतिपक्ष

रामगोविंद चौधरी का राजनीतिक जीवन करीब पांच दशक लंबा रहा। वह बलिया की चिलकहर और बांसडीह विधानसभा सीट से कुल आठ बार विधायक रहे। वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बने और 2022 तक इस जिम्मेदारी का निर्वहन किया। विधानसभा में वह सरकार की नीतियों और विभिन्न जन मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए जाने जाते थे।

मुलायम और अखिलेश सरकार में संभाली मंत्री की जिम्मेदारी

चौधरी ने मुलायम सिंह यादव के साथ लंबे समय तक राजनीतिक सफर तय किया। वर्ष 1990-91 में वह उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री रहे। वर्ष 2003 से 2007 तक मुलायम सिंह यादव सरकार में बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद अखिलेश यादव सरकार में वर्ष 2012 से 2017 तक बेसिक शिक्षा एवं बाल विकास पुष्टाहार मंत्री रहे।

छात्र राजनीति से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले रामगोविंद चौधरी ने कई दशकों तक उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। सदन में उनकी प्रभावी भाषण शैली और जमीनी मुद्दों पर पकड़ की अलग पहचान रही।

राजनीतिक दलों में शोक

रामगोविंद चौधरी के निधन की सूचना मिलते ही सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शोक जताया। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके लंबे सार्वजनिक जीवन और राजनीतिक योगदान को याद किया।

चौधरी के निधन से बलिया समेत प्रदेश की राजनीति में शोक का माहौल है। उनके समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।