शिक्षालखनऊ

KGMU में नर्सिंग छात्रों के प्रदर्शन पर सख्ती, अभिभावकों को भेजा पत्र

KGMU में नर्सिंग छात्रों के प्रदर्शन पर सख्ती, अभिभावकों को भेजा पत्र

लखनऊ : किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) प्रशासन ने धरने पर बैठे नर्सिंग छात्रों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन की ओर से प्रदर्शन में शामिल छात्रों के अभिभावकों को पत्र भेजकर उनसे छात्रों को प्रदर्शन से दूर रखने की अपील की गई है।

पत्र में कहा गया है कि छात्रों का शिक्षण-प्रशिक्षण नियमित रूप से जारी रहना चाहिए। यदि छात्र शिक्षण एवं प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। प्रशासन ने अनुपस्थिति को अनुशासन के विपरीत बताया है।

KGMU प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को शिक्षण-प्रशिक्षण में नियमित रूप से शामिल होने के लिए प्रेरित करें और उन्हें ऐसे किसी प्रदर्शन से दूर रखें, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो। प्रशासन की ओर से छात्रों की अटेंडेंस को लेकर भी स्पष्ट संकेत दिए गए हैं। प्रदर्शन के कारण कक्षाओं और प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने पर इसका सीधा असर छात्रों की उपस्थिति पर पड़ सकता है।

नर्सिंग छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर परिसर में चल रहे प्रदर्शन के बीच प्रशासन के इस पत्र को सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है। छात्रों की मांगों और प्रदर्शन के बीच अब प्रशासन ने अनुशासन तथा नियमित प्रशिक्षण को प्राथमिकता देने की बात कही है।