देशमहाराष्ट्र

छात्रों की गूंज’ में राहुल गांधी बोले- देश की सबसे बड़ी ताकत हैं महिलाएं

छात्रों की गूंज’ में राहुल गांधी बोले- देश की सबसे बड़ी ताकत हैं महिलाएं

रवि शर्मा, पुणे: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए महिला सशक्तिकरण, समान अवसर और सामाजिक बंधनों के मुद्दे उठाए। केवल छात्राओं के लिए आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा कि महिलाओं की पहचान केवल रिश्तों से नहीं, बल्कि उनकी अपनी स्वतंत्र सोच और व्यक्तित्व से बनती है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “आप किसी और की नहीं, सिर्फ अपनी हैं।” उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं को अक्सर बेटी, पत्नी या मां जैसे रिश्तों तक सीमित कर दिया जाता है, जबकि उनकी अपनी अलग पहचान और सपने होते हैं। उन्होंने छात्राओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

भारत की सबसे बड़ी ताकत देश की महिलाएं हैं। महिलाओं की संवेदनशीलता, दूरदर्शिता और समाज को बेहतर बनाने की क्षमता देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने महिलाओं के खिलाफ होने वाले भेदभाव, हिंसा और अवसरों की कमी को भी गंभीर चुनौती बताया।

अपने संबोधन में राहुल गांधी ने मनुस्मृति में महिलाओं को लेकर की गई व्याख्याओं पर भी सवाल उठाए और कहा कि आधुनिक भारत में महिलाओं को स्वतंत्र और बराबरी का अधिकार मिलना चाहिए। किसी भी महिला की पहचान उसके रिश्तों से तय नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसके अपने व्यक्तित्व और उपलब्धियों से होनी चाहिए।

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम कांग्रेस के युवा संवाद अभियान का हिस्सा है। इस मंच के माध्यम से राहुल गांधी छात्रों और युवाओं के मुद्दों को सुनने का प्रयास कर रहे हैं। पुणे में आयोजित यह कार्यक्रम विशेष रूप से छात्राओं पर केंद्रित रहा, जहां शिक्षा, सुरक्षा, रोजगार और सामाजिक चुनौतियों से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम से पहले पुणे में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। वहीं आयोजन से पहले छात्र संगठनों के बीच राजनीतिक तनातनी भी देखने को मिली थी। इसके बावजूद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं की मौजूदगी रही और राहुल गांधी ने उनके सवालों और अनुभवों को ध्यान से सुना।