नव नियुक्त आयुक्त ने पदभार संभालते ही चलाई तबादला एक्सप्रेस, 40 SHO गए हटाए

-पहली बार पूर्व पुलिस आयुक्त द्वारा लगाए गए SHO चंद समय में ही दिए गए बदल

दिल्ली : दिल्ली पुलिस के नए आयुक्त अनुराग कुमार के पदभार ग्रहण करने के दो सप्ताह के अंदर ही तबादला एक्सप्रेस चल गया । बृहस्पतिवार और शुक्रवार को महज दो दिन में 40 थाना प्रभारियों (SHO) का तबादला कर दिया गया। बृहस्पतिवार को 30 SHO और शुक्रवार को 10 SHO हटा दिए गए। सभी स्थानांतरित SHO को निर्देश दिया गया है कि वे तुरंत अपनी नई जिम्मेदारी संभालने के लिए रिलीव हों और संबंधित जिले व यूनिट्स के डीसीपी को रिपोर्ट करें। यह पहला मौका है जब किसी पुलिस आयुक्त ने पद संभालने के इतने कम समय में इतने बड़े स्तर पर इंस्पेक्टरों के फेरबदल किए गए हैं। बता दें कि पूर्व पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा के कार्यकाल में (इसी वर्ष जनवरी या उसके बाद) नियुक्त किए गए कई SHO को चंद महीनों में ही हटा दिया गया है। आमतौर पर पहले SHO के बेहतर कामकाज का ट्रैक रिकार्ड देखकर दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर ही उनका तबादला किया जाता था। यह अचानक हुए फेरबदल का कोई आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया गया है, जिससे महकमे में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। हाल ही में कुछ महत्वपूर्ण और बड़े थानों महरौली, फतेहपुर बेरी, मयूर विहार, गोविंदपुरी व सीआरपार्क में तैनात पांच एसएचओ को सिक्योरिटी (सुरक्षा) और पीसीआर जैसी नान-फील्ड यूनिट्स में भेज दिया गया है। तबादले के इस आदेश को लेकर पुलिस मुख्यालय में अधिकारियों के बीच मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। सूत्रों ने बताया कि SHO स्तर पर बदलाव के बाद अब पुलिस आयुक्त जल्द ही उच्च अधिकारियों के फेरबदल के आदेश भी जारी कर सकते हैं। इनमें विशेष आयुक्त, संयुक्त आयुक्त, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, डीसीपी व एडिशनल डीसीपी रैंक के अधिकारी शामिल हो सकते हैं। दिल्ली पुलिस में पिछले कुछ वर्षों से यह देखा जा रहा है कि नया नेतृत्व आने पर पूर्व अधिकारियों के फैसलों को बदला जाता रहा है। पूर्व कमिश्नर संजय अरोड़ा ने राकेश अस्थाना के कई फैसलों को पलट दिया था, जिसमें पीसीआर वैन का थानों में विलय का फैसला भी शामिल था। यही सिलसिला आगे भी जारी है।