देशकानपुर

कानपुर क्षेत्र की भाजपा टीम का ऐलान, 25 पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

कानपुर क्षेत्र की भाजपा टीम का ऐलान, 25 पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

डिजिटल डेस्क, कानपुर : भारतीय जनता पार्टी ने कानपुर क्षेत्र की नई क्षेत्रीय कार्यसमिति की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की सहमति के बाद 3 सितंबर 2026 को जारी सूची में संगठन ने क्षेत्रीय पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ कई नए चेहरों को भी स्थान दिया गया है।

घोषित कार्यसमिति में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, क्षेत्रीय महामंत्री और क्षेत्रीय मंत्री के पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। पूर्व सांसद सत्यदेव पचौरी की बेटी नीतू सिंह को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। नीतू सिंह 2023 के महापौर चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा की संभावित उम्मीदवारों में शामिल होने को लेकर चर्चा में रही थीं।

वहीं, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के सहयोगी बताए जा रहे आदित्य त्रिवेदी को क्षेत्रीय महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

10 नेताओं को बनाया गया क्षेत्रीय उपाध्यक्ष

नई कार्यसमिति में नरेंद्र राजपूत, भुवन प्रकाश गुप्ता, अशोक राजपूत, नीतू सिंह, पवन प्रताप सिंह, अखिलेश नाथ दीक्षित, आशीष कोल, अर्चना त्रिपाठी, अमित समाधिया और अरविंद मुखिया को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

चार नेताओं को महामंत्री की जिम्मेदारी

क्षेत्रीय महामंत्री के पद पर आनंद सिंह, आदित्य त्रिवेदी, शिवसिंह भारती और राजेश पटेल को जिम्मेदारी दी गई है।

क्षेत्रीय मंत्री के पद पर नियुक्तियां

क्षेत्रीय मंत्री के रूप में वीरेन्द्र तिवारी, प्रशांत राव चौबे, मनीष तिवारी, सरदार मनजीत सिंह, शिवेन्द्र सिंह शौली, रमेश कुशवाहा, आनंद पटेल, विनोद कुशवाहा, रीता कठेरिया और धीरेंद्र वर्मा के नाम सूची में शामिल हैं।

भाजपा की नई क्षेत्रीय टीम के गठन को कानपुर क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।