देश विदेश

पुतिन के भारत दौरे से पहले नोएडा एयरपोर्ट पर रूसी IL-76 की लैंडिंग

पुतिन के भारत दौरे से पहले नोएडा एयरपोर्ट पर रूसी IL-76 की लैंडिंग
  • BRICS शिखर सम्मेलन से पहले विदेशी प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही तेज, सुरक्षा तैयारियां भी बढ़ीं

डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर : रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे से पहले नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रूसी IL-76 सैन्य परिवहन विमान के पहुंचने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि विमान में रूसी राष्ट्रपति के दौरे से जुड़ी अग्रिम टीम के सदस्य और जरूरी सामान मौजूद हो सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर विमान में सवार लोगों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

पुतिन 12-13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने भारत आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पुतिन के बीच द्विपक्षीय वार्ता भी प्रस्तावित है। दोनों देशों के बीच रक्षा, ऊर्जा, व्यापार और अन्य रणनीतिक मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने इसी वर्ष जून में वाणिज्यिक उड़ान संचालन शुरू किया था और शुरुआती चरण में घरेलू उड़ानों का संचालन शुरू हुआ। ऐसे में किसी विदेशी सैन्य परिवहन विमान की संभावित लैंडिंग को एयरपोर्ट के लिहाज से महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

इस बीच BRICS सम्मेलन के मद्देनजर दिल्ली-एनसीआर में विशेष विमानों की आवाजाही बढ़ गई है। हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, 4 सितंबर से विशेष विमान आने शुरू हो गए हैं और दो रूसी IL-76 विमान दिल्ली में उतर चुके हैं। सम्मेलन के दौरान करीब 35 विशेष विमानों के आने की संभावना जताई गई है।

पुतिन के दौरे को देखते हुए राजधानी और एनसीआर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की जा रही है। हालांकि, नोएडा एयरपोर्ट पर उतरे विमान को पुतिन की यात्रा की अग्रिम टीम से जोड़ने की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल उपलब्ध नहीं है, इसलिए इसे संभावित अग्रिम तैयारी के तौर पर ही देखा जा रहा है।