देशलखनऊ

यूपी में भाजपा के आंतरिक सर्वे से मचा हड़कंप, 128 विधायकों के टिकट पर संकट!

यूपी में भाजपा के आंतरिक सर्वे से मचा हड़कंप, 128 विधायकों के टिकट पर संकट!

डिजिटल डेस्क, लखनऊ : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा के एक कथित आंतरिक सर्वे को लेकर पार्टी के भीतर हलचल तेज होने की खबर है। सूत्रों के मुताबिक, सर्वे में करीब 128 मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठे हैं और आगामी चुनाव में इनके टिकट कटने की संभावना जताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, पार्टी के आंतरिक सर्वे में सीटिंग विधायकों के साथ मंत्रियों के नाम भी शामिल हैं। सर्वे में विधायकों के क्षेत्र में उनकी सक्रियता, जनता से जुड़ाव और किए गए विकास कार्यों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर उनकी स्वीकार्यता को लेकर फीडबैक लिया गया है।

बताया जा रहा है कि कई विधानसभा क्षेत्रों में जनता की ओर से मौजूदा विधायकों के खिलाफ नाराजगी का फीडबैक सामने आया है। कुछ विधायकों को लेकर यह भी रिपोर्ट है कि वे जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप काम नहीं कर सके। ऐसे विधायकों के लिए सर्वे को खतरे की घंटी माना जा रहा है।

नए चेहरों पर दांव लगा सकती है भाजपा

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत की संभावनाओं को मजबूत करने के लिए कई सीटों पर नए चेहरों को मौका देने की रणनीति पर विचार कर सकती है। हालांकि टिकट को लेकर अंतिम फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व और शीर्ष संगठन करेगा।

गौरतलब है कि 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 403 में से 255 सीटों पर जीत दर्ज की थी। अब 2027 के चुनाव को लेकर पार्टी संगठन स्तर पर तैयारियों में जुटी है और उम्मीदवारों की स्थिति को लेकर लगातार फीडबैक जुटाया जा रहा है।

हालांकि करीब 128 विधायकों के टिकट कटने की बात फिलहाल सूत्रों के हवाले से सामने आई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि भाजपा की ओर से नहीं की गई है।