देशलखनऊ

मंत्री असीम अरुण का BSP पर तंज,कहा-संविधान ने कहीं नहीं कहा कि बेटा या भतीजा CM बनेगा

मंत्री असीम अरुण का BSP पर तंज,कहा-संविधान ने कहीं नहीं कहा कि बेटा या भतीजा CM बनेगा

डिजिटल डेस्क , लखनऊ:प्रदेश के समाज कल्याण अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण किसान सम्मान समारोह में पहुंचे है। सम्मान समारोह में मंत्री असीम अरुण बोले -यूपी में अपराध का सफाया किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यूपी से अपराध की तरह भ्रष्टाचार का भी सफाया किया जाएगा। मंत्री असीम अरुण ने बसपा प्रमुख मायावती और उनके भतीजे आकाश आनंद पर निशाना साधते हुए कहा है कि संविधान ने कहीं नहीं कहा कि बेटा या भतीजा ही मुख्यमंत्री बनेगा।

आपको बता दे कि मेरठ में किसान सम्मान समारोह के मंच से प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त तेवर दिखाए। पूर्व IPS अधिकारी और BJP मंत्री असीम अरुण ने कहा कि जिस तरह सरकार ने अपराध के खिलाफ कार्रवाई की है, उसी तरह भ्रष्टाचार को भी खत्म किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराधी तो लूट कर भाग जाता है ढूंढना मुश्किल हो जाता है लेकिन भ्रष्टाचारी तो सामने ही बैठता है इसको पकड़ना कौन सा मुश्किल काम है। उन्होंने मेरठ के लोगों से अपील की कि अगर कोई सरकारी काम के बदले पैसे मांगता है तो पैसा न दें, बल्कि ऑडियो, वीडियो या किसी अन्य तरीके से सबूत जुटाकर शिकायत करें। हालांकि उन्होंने कहा कि सबूत नहीं होगा तो भी कार्रवाई की जाएगी। किठौर के शाहजहांपुर स्थित मुमताज फार्म हाउस में आयोजित किसान सम्मान समारोह में पहुंचे असीम अरुण ने कहा कि भ्रष्टाचार की शिकायत करने वाले लोगों को डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता के साथ सरकार खड़ी होगी और शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी मंत्री ने सरकारी काम में अनावश्यक देरी को भी गंभीर मुद्दा बताया और कहा कि किसी काम में बेवजह विलंब भी भ्रष्टाचार की आशंका पैदा करता है।। उन्होंने साफ कहा कि भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई की रफ्तार आगे और तेज की जाएगी। उन्होंने कहा सड़क बन रही है उसमें कोई कमीशन नहीं होना चाहिए। सड़क लोहा लाट बननी चाहिए।

वर्दी छोड़ी है डंडा नहीं छोड़ा-असीम
जिसके बाद अपने पुराने बयान ‘वर्दी छोड़ी है, डंडा नहीं छोड़ा’ को लेकर पूछे गए सवाल पर असीम अरुण ने कहा कि वर्दी में उनका काम अपराधियों का सफाया करना था, लेकिन अब विधायक और प्रभारी मंत्री के रूप में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करना और सरकारी सिस्टम को पारदर्शी बनाना उनकी जिम्मेदारी है। जहां किसान सम्मान समारोह में असीम अरुण ने केंद्र और प्रदेश सरकार की किसान योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी सरकार ने किसानों के लिए कई स्तर पर काम किया है। उनके मुताबिक पहले भुगतान में वर्षों लग जाते थे, जबकि अब कई मामलों में कुछ ही सप्ताह में भुगतान हो रहा है। उन्होंने कहा कि मेरठ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान खेती के साथ पशुपालन, फल उत्पादन और नर्सरी जैसे क्षेत्रों में भी आगे बढ़ रहे हैं। वही प्रभारी मंत्री ने मेरठ की बढ़ती कनेक्टिविटी का जिक्र करते हुए कहा कि एयरपोर्ट और परिवहन सुविधाओं के विस्तार से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उत्पाद बड़े शहरों और दूसरे देशों के बाजारों तक कम समय में पहुंच सकेंगे।
सपा सरकार में मुजफ्फरनगर में दंगा हुआ
समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने मुजफ्फरनगर दंगों को लेकर सवाल पर कहा कि समाजवादी पार्टी की तत्कालीन सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस दौर की घटनाओं से सबक लेना चाहिए। उनके मुताबिक अन्याय और कानून व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कमजोर होने के गंभीर परिणाम सामने आए थे।

संविधान ने नहीं कहा बेटा या भतीजा CM बनेगा- असीम
मायावती और आकाश आनंद के बीच हालिया राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर भी असीम अरुण ने बसपा पर परिवारवाद का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान में यह नहीं लिखा कि किसी राजनीतिक दल में परिवार का ही अगला सदस्य नेतृत्व करेगा। असीम अरुण ने बीजेपी का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां सामान्य कार्यकर्ता भी संगठन के शीर्ष पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने बसपा के मौजूदा घटनाक्रम को कांशीराम के मूल राजनीतिक मिशन के संदर्भ में दुर्भाग्यपूर्ण बताया। बसपा भी परिवारवादी राजनीति के रूप में दिख रही है।