डिजिटल डेस्क, फरीदाबाद : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए जा रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में बीएलओ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी बीएलओ को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं के दावे और आपत्तियां सुनने के निर्देश दिए हैं।
इसके बावजूद नगर निगम कार्यालय स्थित मतदान केंद्र संख्या 1295, 1296 और 1248 पर ताले लटके मिले। मौके पर न तो कोई बीएलओ मौजूद था और न ही सुपरवाइजर दिखाई दिए। ऐसे में मतदाता अपने नाम, पते अथवा मतदाता सूची से संबंधित शिकायतें और दावे-आपत्तियां दर्ज कराने के लिए भटकने को मजबूर हैं।
नगर निगम कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों का कहना है कि पुनरीक्षण अभियान के तहत यहां कोई कर्मचारी नहीं आता है। इससे निर्वाचन आयोग के निर्देशों के पालन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी मामले में क्या कार्रवाई करते हैं और मतदाताओं की समस्याओं का समाधान कैसे किया जाता है।

