अपराधगौतम बुद्ध नगर

कॉफी पीने के बाद युवक की तबीयत बिगड़ी, रेस्टोरेंट पर एक्सपायरी प्रोडक्ट परोसने का आरोप

कॉफी पीने के बाद युवक की तबीयत बिगड़ी, रेस्टोरेंट पर एक्सपायरी प्रोडक्ट परोसने का आरोप
  • ग्रेटर नोएडा वेस्ट के काला नमक रेस्टोरेंट का मामला, खाद्य विभाग ने सैंपल जांच के लिए भेजने की कही बात

डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एक रेस्टोरेंट में कॉफी पीने के बाद युवक की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने रेस्टोरेंट पर एक्सपायरी और मिलावटी प्रोडक्ट परोसने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि कॉफी पीने के कुछ देर बाद युवक को उल्टी और तेज बुखार की शिकायत हुई। मामले की शिकायत पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग से की गई है।

मामला बिसरख थाना क्षेत्र स्थित काला नमक रेस्टोरेंट का है। पीड़ित के मुताबिक, रेस्टोरेंट में कॉफी पीने के बाद उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। इसके बाद स्वजन ने कॉफी के पाउच की जांच की। आरोप है कि पाउच पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट दर्ज नहीं थी।

शिकायत करने पर मैनेजर पर अभद्रता का आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने मामले की शिकायत रेस्टोरेंट मैनेजर आशुतोष से की। आरोप है कि मैनेजर ने समस्या का समाधान करने के बजाय उनके साथ अभद्रता की। इसके बाद पीड़ित ने बिसरख कोतवाली में शिकायत दी। साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग को भी मामले की जानकारी दी गई।

खाद्य विभाग लेगा कॉफी के सैंपल

मामला इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने संज्ञान लिया है। सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि देर रात सोशल मीडिया के माध्यम से मामले की जानकारी मिली है। रविवार को रेस्टोरेंट से कॉफी के सैंपल लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जाएंगे।

उन्होंने बताया कि सैंपल की जांच रिपोर्ट और मौके पर की जाने वाली जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी। फिलहाल कॉफी के कारण युवक की तबीयत बिगड़ने और प्रोडक्ट की गुणवत्ता से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है।