डिजिटल डेस्क, सहारनपुर : देवबंद में युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने मां-बेटे को गिरफ्तार किया है।आरोपी मोहित और मृतक युवती के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध थे। मोहित अब अपने भाई की साली से शादी करना चाहता था और इस वजह से वह युवती से पीछा छुड़ाना चाहता था। पुलिस ने मोहित की निशानदेही पर मृतका का टूटा हुआ मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद क्षेत्र में प्रेम संबंध खत्म करने के लिए एक युवती की गला दबाकर हत्या कर दी गई है पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को मृतका के परिजनों की तहरीर पर मोहित के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मोहित की मां ओमवती का नाम भी सामने आया, जिसके बाद मुकदमे में धारा 3(5) BNS की बढ़ोतरी की गई थी। पूछताछ में मोहित ने बताया कि उसका मृतका के साथ पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध था। अब वह अपने भाई की साली से शादी करना चाहता था। पुलिस के अनुसार, संबंध उजागर होने और बदनामी के चलते वह मृतका से पीछा छुड़ाना चाहता था। मोहित ने पुलिस को बताया कि 15 सितंबर को उसने मृतका को अपनी छत पर बुलाया और उसका मोबाइल फोन बंद कर दिया। इसके बाद कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी मां ओमवती को जगाकर घटना की जानकारी दी। दोनों ने कथित तौर पर शव को मोटरसाइकिल पर बीच में बैठाकर कपड़े से ढका और साखन नहर में फेंक दिया, ताकि शव बहकर नष्ट हो जाए।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को मोहित को अतर सिंह फार्म हाउस के पास से और ओमवती को उसके घर से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। बुधवार को देवबंद क्षेत्र की साखन नहर में किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। शव पर चोट के निशान भी मिले थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए शव की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए कार्रवाई की थी।

