डिजिटल डेस्क, अलीगढ़। छर्रा थाना क्षेत्र के अतरौली रोड स्थित एक OYO होटल में देह व्यापार की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान होटल से सात युवतियों और होटल संचालक समेत छह युवकों को हिरासत में लिया गया।
बताया गया कि नायब तहसीलदार और क्षेत्राधिकारी छर्रा की मौजूदगी में पुलिस टीम ने होटल में अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस को कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी मिली, जिसे कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित किया गया है।
पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से होटल में हड़कंप मच गया। हिरासत में लिए गए सभी 13 लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों की मौजूदगी में होटल को सील किए जाने की कार्रवाई भी की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है। पूछताछ और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में पुलिस की ओर से होटल संचालन और वहां मौजूद लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

