डिजिटल डेस्क, रेवाड़ी : तेल के अवैध भंडारण और बिक्री के खिलाफ रेवाड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर क्राइम ब्रांच और मॉडल टाउन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बावल रोड स्थित भवाड़ी गांव में छापेमारी कर करीब 4000 लीटर तेल बरामद किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। बरामद तेल को कब्जे में लेकर पुलिस ने उसके स्रोत और अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, भवाड़ी गांव में बावल रोड के आसपास अवैध तरीके से तेल का भंडारण किए जाने और उसकी बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच और मॉडल टाउन थाना पुलिस की टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई की गई। टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की तो वहां बड़ी मात्रा में तेल मौजूद मिला। पुलिस ने तेल को जब्त कर लिया और मौके पर मौजूद व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
तेल कहां से आया, कहां होना था सप्लाई
पुलिस की जांच का मुख्य बिंदु बरामद तेल का स्रोत और उसकी आगे होने वाली सप्लाई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि करीब 4000 लीटर तेल कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि भवाड़ी में कितने समय से तेल का अवैध भंडारण और बिक्री की जा रही थी।
जांच एजेंसियां इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाने में जुटी हैं। पुलिस को आशंका है कि बरामद तेल किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। हालांकि, नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं और तेल की किस तरह खरीद-बिक्री की जाती थी, इसका खुलासा पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
15 दिन में तेल के अवैध कारोबार पर दूसरी बड़ी कार्रवाई
तेल डिपो क्षेत्र में अवैध तेल कारोबार के खिलाफ रेवाड़ी पुलिस की यह करीब 15 दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले करनावास क्षेत्र में तेल चोरी और अवैध भंडारण से जुड़े मामले में पुलिस ने कार्रवाई की थी। उस प्रकरण में कुछ पुलिसकर्मियों पर मंथली लेने के आरोप भी सामने आए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया था।
लगातार हो रही कार्रवाई के बाद तेल के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हलचल बढ़ गई है। पुलिस अब भवाड़ी से बरामद तेल के मामले में पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध कारोबार में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

