अपराधकानपुर

कानपुर: सीएमओ कार्यालय की खिड़की काटकर चोरी, 100 पेंशन फाइलें गायब, हड़कंप

कानपुर: सीएमओ कार्यालय की खिड़की काटकर चोरी, 100 पेंशन फाइलें गायब, हड़कंप

डिजिटल डेस्क , कानपुर : रामादेवी स्थित सीएमओ कार्यालय से एक चौंकाने वाली चोरी का मामला सामने आया है, जिसमें चोरों ने सोना-चांदी नहीं, बल्कि सरकारी कर्मचारियों के भविष्य से जुड़े अहम दस्तावेज ही उड़ा लिए। पुरानी बिल्डिंग के स्टोर कक्ष की खिड़की की लोहे की जाली काटकर चोरों ने कार्यालय में सेंध लगाई और करीब 100 पेंशन पत्रावलियां व सेवा पुस्तिकाएं पार कर दीं।

मामला तब खुला जब 16 सितंबर को सेवानिवृत्त अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (ACMO) डॉ. रामसुमेर अपनी पेंशन पत्रावली और सेवा पुस्तिका लेने कार्यालय पहुंचे। वरिष्ठ सहायक भूप नारायण पाल जब उन्हें फाइल देने कक्ष में गए, तो वहां का नजारा देखकर सन्न रह गए—खिड़की की जाली कटी पड़ी थी और स्वास्थ्य विभाग की सेवा संबंधित करीब 100 फाइलें नदारद थीं। इनमें डॉ. रामसुमेर की निजी पेंशन फाइल भी शामिल थी।

सबसे चिंता की बात यह है कि जिस कक्ष में इतने संवेदनशील दस्तावेज रखे थे, वहां न तो कोई सुरक्षा प्रहरी तैनात था और न ही निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगे थे। यानी चोरों को न रोकने वाला कोई था, न पकड़ने वाला कोई सुबूत। कक्ष की खिड़की के बाहर घनी झाड़ियां भी चोरों के लिए मानो छिपने की ढाल बन गईं।

इस मामले में शनिवार को चकेरी थाने में एफआईआर दर्ज करा दी गई है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और चूंकि कार्यालय परिसर में खुद कोई कैमरा नहीं है, इसलिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके।

वहीं सीएमओ हरिदत्त नेमी के निर्देश पर अब यह आकलन किया जा रहा है कि वास्तव में कितनी और किन-किन सेवानिवृत्त कर्मचारियों की फाइलें गायब हुई हैं। सेवा रिकॉर्ड जैसे बेहद जरूरी दस्तावेजों की चोरी ने न सिर्फ रिटायर्ड कर्मियों की पेंशन प्रक्रिया पर संकट खड़ा कर दिया है, बल्कि सीएमओ कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था की पोल भी खोलकर रख दी है।