खुले नाले में गिरने से 3 वर्षीय मासूम की मौत

IMG-20260803-WA0002

▪️स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत पर लगाया लापरवाही का आरोप

▪️एसडीएम ने मुआवजा दिलाने का दिया आश्वासन

कानपुर देहात। कस्बा रसूलाबाद के विकास नगर मोहल्ले में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में खुले नाले में गिरने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत की लापरवाही को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए खुले नाले को तत्काल ढकवाने की मांग की। प्राप्त जानकारी के अनुसार विकास नगर निवासी राजू का तीन वर्षीय पुत्र रियांश घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह संतुलन बिगड़ने से पास स्थित गहरे एवं चौड़े खुले नाले में गिर गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे नाले से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों का आरोप था कि उक्त नाला लंबे समय से खुला पड़ा है और उस पर सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद नगर पंचायत द्वारा नाले को ढकवाने या सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।

मौके पर पहुंचे अधिशासी अधिकारी ने परिजनों को दी सांत्वना

घटना की जानकारी मिलने पर नगर पंचायत रसूलाबाद के अधिशासी अधिकारी कुल कमल सिंह मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि अधूरा पड़ा नाले का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाएगा तथा नाले को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वहीं उपजिलाधिकारी रसूलाबाद अभिषेक कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार मृतक बालक के परिजनों को शासन की ओर से देय आर्थिक सहायता (मुआवजा) उपलब्ध कराने की प्रक्रिया कराई जाएगी। इस दौरान क्षेत्रीय लेखपाल रविंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुटे रहे।घटना के बाद पूरे मोहल्ले में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत से मांग की है कि खुले नालों को शीघ्र ढकवाकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, जिससे भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े

3 वर्षीय मृतक रियांश का फाइल फोटो