डिजिटल डेस्क, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार, 23 सितंबर को राजधानी लखनऊ में भारत टैक्सी योजना और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ करेंगे। भारत टैक्सी योजना का शुभारंभ कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे आयोजित होगा। इसी दौरान मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के ई-पोर्टल की भी लॉन्चिंग की जाएगी।
भारत टैक्सी योजना के तहत यात्रियों और चालकों को कई सुविधाजनक लाभ उपलब्ध कराने की तैयारी है। योजना का उद्देश्य यात्रियों को सुविधाजनक परिवहन सेवा उपलब्ध कराने के साथ ही वाहन चालकों के लिए भी बेहतर अवसर और सुविधाएं सुनिश्चित करना है।
वहीं मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत पात्र किसानों को कृषि एवं संबंधित गतिविधियों के लिए 6 प्रतिशत प्रभावी ब्याज दर पर छह लाख रुपये तक के ऋण का प्रावधान किया गया है। योजना के तहत निर्धारित समय पर ऋण चुकाने वाले किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान दिया जाएगा।
सरकार ने योजना के माध्यम से अगले पांच वर्षों में पांच लाख किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके साथ ही पात्र किसानों के लिए 384 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृति का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा दोनों योजनाओं के शुभारंभ के साथ ही किसानों और परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए योजनाओं की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी।
