अपराधकासगंज

युवती की गला रेतकर हत्या, ट्यूबवेल की छत पर मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस

युवती की गला रेतकर हत्या, ट्यूबवेल की छत पर मिली लाश,  जांच में जुटी पुलिस

डिजिटल डेस्क, कासगंज : अशोक नगर इलाके में सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 18 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फतेहसिंह बंद रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित एक ट्यूबवेल की छत पर मिला। युवती की हत्या गला रेत कर की गई है। हत्या की असल वजह जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। कासगंज कोतवाली क्षेत्र के अशोक नगर की रहने वाली 18 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध और नग्न अवस्था में ट्यूबवेल की छत पर पड़ा मिला। युवती का गला रेता हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि बेरहमी से गला काटकर उसकी हत्या की गई है। घटना की जानकारी पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीआईजी प्रभाकर चौधरी और पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जल्द खुलासे के निर्देश दिए गए हैं।

घर से नकदी व जेवरात लेकर निकली थी

जानकारी के अनुसार, अशोक नगर निवासी बाबू खां की 18 वर्षीय बेटी नेहा मंगलवार देर रात करीब एक बजे से लापता थी। परिजनों के अनुसार, वह घर से नकदी व जेवरात लेकर निकली थी। वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की थी। सुबह ट्यूबवेल संचालक के छत पर जाने पर शव दिखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर जांच शुरू की। इस दौरान डीआईजी प्रभाकर चौधरी, एसपी ओपी सिंह, एएसपी सुशील कुमार, सीओ आंचल चौहान और कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।

कॉल डिटेल, CCTV सभी पहलुओं पर जांच

बताया गया कि मृतका नेहा छह भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। परिजनों के मुताबिक घर में बड़ी बहन निशा की शादी की तैयारियां चल रही थीं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। एसपी ओपी सिंह ने बताया कि युवती का शव सबमर्सिबिल की छत पर मिला है। फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम से घटनास्थल की जांच कराई गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।