श्रावण के प्रथम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

▪️बम भोले और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा रसूलाबाद, गंगाजल से हुआ भोलेनाथ का महाअभिषेक
▪️मुख्य मंदिरों में सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम, हजारों श्रद्धालुओं ने की विधि विधान से पूजा-अर्चना
कानपुर देहात। पावन श्रावण मास के प्रथम सोमवार को रसूलाबाद क्षेत्र शिवभक्ति के रंग में पूरी तरह सराबोर नजर आया। सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही क्षेत्र के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। शिव भक्तों ने गंगा तटों से लाए पवित्र गंगाजल के साथ भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक कर सुख, समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना की।
हर हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हुए शिवालय
मंदिर परिसर दिनभर “हर-हर महादेव”, “बम-बम भोले” और “जय शिव शंकर” के उद्घोषों से गुंजायमान रहे। रसूलाबाद कस्बे के प्राचीन एवं आस्था के प्रमुख केंद्र श्री धर्मगढ़ बाबा मंदिर में सुबह तड़के ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं।
मन्दिर के कपाट खुलते ही भक्तों ने किया जलाभिषेक
मंदिर के कपाट खुलते ही भक्तों ने क्रमबद्ध तरीके से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। श्रद्धालु अपने साथ बेलपत्र, धतूरा, भांग, अक्षत, पुष्प, दूध, दही, शहद एवं गंगाजल लेकर पहुंचे और पूरे वैदिक विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न की। बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भोलेनाथ की आराधना की तथा परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की।
गंगाजल भरकर पहुंचे कांवड़ियों ने भोलेनाथ का किया जलाभिषेक
श्रावण के प्रथम सोमवार पर कांवड़ यात्रियों का उत्साह भी देखते ही बन रहा था। बिठूर एवं आंकिन घाट से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने भगवान शिव को जल अर्पित किया। विशेष रूप से युवा श्रद्धालुओं की डाक कांवड़ आकर्षण का केंद्र रही। जयघोष करते हुए कांवड़ियों के जत्थे मंदिरों में पहुंचे और श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक किया।
शिवालयो में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
रसूलाबाद क्षेत्र के महाकालेश्वर मंदिर (कहिंजरी), द्रोणेश्वर मंदिर (असालतगंज), शिव धाम (उसरी), कपिलेश्वर मंदिर (खेड़ा कुर्सी) सहित अन्य शिवालयों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बनी रही। भक्तों ने भगवान शिव का रुद्राभिषेक, पूजन एवं आरती कर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाई।
सुरक्षा व्यवस्था में जगह जगह तैनात रहा पुलिस प्रशासन
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसरों एवं प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। स्वयंसेवकों ने भी दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग किया।
श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। शिवालयों में दिनभर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम चलता रहा तथा श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।